image: Businessman Found Dead in Deep Gorge

देहरादून-मसूरी मार्ग पर गहरी खाई में मिला व्यापारी का शव, सड़क किनारे खड़ी थी कार

Uttarakhand News: देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास व्यापारी अजय कुमार कोहली का शव 200 मीटर गहरी खाई में मिला। कार से मोबाइल, पर्स और शराब की आधी बोतल बरामद हुई। पुलिस जांच में जुटी है।
Sep 8 2026 7:41PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास मंगलवार सुबह एक व्यापारी का शव गहरी खाई में मिलने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव सड़क से करीब 200 मीटर नीचे नदी के समीप चट्टानों के बीच पड़ा मिला। वहीं, ऊपर सड़क किनारे मृतक की एमजी विंडसर कार खड़ी मिली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे।

Businessman Found Dead in Deep Gorge on Dehradun-Mussoorie Road

जानकारी के अनुस्सर मृतक की पहचान देहरादून के क्रॉस रोड निवासी करीब 60 वर्षीय अजय कुमार कोहली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अजय कोहली देहरादून में व्यापारी थे। बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब 7 बजे वह घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद उनके खाई में मिलने की सूचना परिवार तक पहुंची, जिसके बाद घर में मातम छा गया।

सड़क किनारे खड़ी मिली कार, नीचे दिखाई दिया शव

पुलिस के अनुसार सुबह करीब 8:30 बजे मैगी प्वाइंट निवासी प्रवीण ने पंचायती कैफे के पास सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से और वहां खड़ी एक कार के संबंध में सूचना दी। वहीं से नीचे देखने पर करीब 200 मीटर गहरी खाई में नदी के पास एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही कोलूखेत चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कार संख्या UK 07 HL 0343 की पहचान अजय कोहली के वाहन के रूप में हुई। खाई की गहराई को देखते हुए शव तक पहुंचने के लिए एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को बुलाया गया। आगे पढ़िए..

कार से मोबाइल और पर्स बरामद

पुलिस ने कार की तलाशी के दौरान मृतक का मोबाइल फोन और पर्स बरामद किया। इसके अलावा वाहन के अंदर शराब की आधी बोतल भी मिली। शराब की बोतल मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच को कई पहलुओं से आगे बढ़ाया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अजय कोहली कार से उतरकर किस परिस्थिति में सड़क से नीचे पहुंचे।

पैर फिसलने से हुआ हादसा या कुछ और? जांच जारी

घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया हादसे की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है। सड़क का क्षतिग्रस्त हिस्सा, उसके नीचे गहरी खाई और नदी के पास चट्टानों के बीच शव मिलने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। कार में मिली शराब की आधी बोतल और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अजय कोहली आखिरी बार कहां और किन परिस्थितियों में थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान के अनुसार फिलहाल मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। मौके पर फील्ड यूनिट की टीम ने भी आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि यह हादसा था या घटना के पीछे कोई अन्य वजह थी।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home