उत्तराखंड: पुलिस के इंटरसेप्टर वाहन ने स्कूटी को मारी टक्कर, दो संविदा कर्मी गंभीर रूप से घायल
Uttarakhand News: चमोली के सिमली-ग्वालदम हाईवे पर पंती बाजार के पास इंटरसेप्टर वाहन की टक्कर से विद्युत विभाग के दो संविदा कर्मचारी गंभीर घायल हो गए। पुलिस जांच में जुटी है।
Sep 9 2026 6:00PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
जनपद चमोली में सिमली-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंती बाजार के पास बुधवार को सड़क हादसा हो गया। यातायात विभाग के इंटरसेप्टर वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार विद्युत विभाग के दो संविदा कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
Interceptor vehicle hit a scooter; Two Injured
जानकारी के मुताबिक, यातायात विभाग का इंटरसेप्टर वाहन थराली से कर्णप्रयाग की ओर जा रहा था। इसी दौरान पंती बाजार के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और रॉन्ग साइड में चला गया। इसी दौरान नारायणबगड़ से पंती की ओर जा रही स्कूटी सामने आ गई। इंटरसेप्टर वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार अनिल रावत और लक्ष्मण सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारी के तौर पर कार्यरत बताए जा रहे हैं। टक्कर की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।आगे पढ़िए..
अनिल के सिर में गंभीर चोट, लक्ष्मण का पैर फ्रैक्चर
हादसे में अनिल रावत के सिर पर गंभीर चोट आई है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं, दूसरे घायल लक्ष्मण सिंह के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
चालक ने बताई नींद की झपकी आने की वजह
प्रारंभिक पूछताछ में इंटरसेप्टर वाहन चालक ने पुलिस को बताया कि उसे नींद की झपकी आ गई थी। इसी वजह से वाहन अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा में चला गया और स्कूटी से टकरा गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और वाहन चालक से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल दोनों घायल विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारियों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।