image: School holiday due to heavy rain in 5 District

उत्तराखंड: कल इन 5 जिलों में स्कूलों की छुट्टी रहेगी, भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट

उत्तराखंड में 26 और 27 सितंबर को मौसम खराब रहने की चेतावनी है। IMD ने 26 सितंबर को कक्षा 12 तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का फैसला...
Sep 25 2026 9:18PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड में सितंबर के आखिरी दिनों में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के 25 सितंबर के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, 26 सितंबर को उत्तराखंड में अत्यंत भारी बारिश और 27 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

School holiday due to heavy rain in 5 District

IMD के स्थानीय पूर्वानुमानों में पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत समेत कई इलाकों में 26-27 सितंबर को बारिश और गरज-चमक की संभावना दर्ज की गई है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए 5 जिलों चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में शनिवार 26 सितंबर को कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।

ट्रेकिंग और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आवाजाही पर नजर

अपर जिलाधिकारी ने पर्वतीय क्षेत्रों में खराब मौसम के दौरान ट्रेकिंग पर जाने वाले ट्रेकर्स को अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा भारी बारिश और असामान्य मौसम की चेतावनी के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही पर भी आवश्यक नियंत्रण रखने को कहा गया है।

आपदा प्रबंधन तंत्र हाई अलर्ट पर

अधिकारियों को किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में तत्काल मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित करने और सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। आगे पढ़िए..

आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के सभी नामित अधिकारियों और विभागीय नोडल अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। सभी चौकियों और थानों को आपदा संबंधी उपकरणों और वायरलेस सेट के साथ अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

सड़क बंद होने पर तत्काल खोलने के निर्देश

भारी बारिश के कारण सड़कें बाधित होने की आशंका को देखते हुए एनएच, लोनिवि, पीएमजीएसवाई, एडीबी, बीआरओ, डब्ल्यूबी और सीपीडब्ल्यूडी समेत संबंधित सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने की स्थिति में उसे तत्काल खोलने की कार्रवाई की जाए।

अधिकारियों को फील्ड में रहने के निर्देश

राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहकर मौसम की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है। अलर्ट अवधि में अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ नहीं रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को अपने वाहनों में बरसाती, छाता, टॉर्च, हेलमेट और अन्य जरूरी उपकरण रखने के लिए भी कहा गया है।

फंसे लोगों के लिए भोजन और चिकित्सा की व्यवस्था

प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि यदि खराब मौसम के कारण कहीं लोग फंसते हैं तो उनके लिए तत्काल खाद्य सामग्री और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। शहरी और कस्बाई क्षेत्रों में नालियों तथा कलवर्ट में मौजूद अवरोधों को भी तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति से बचा जा सके। IMD के 25 सितंबर के बुलेटिन के अनुसार 28 सितंबर को भी उत्तराखंड में भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी है। इसके बाद 29 और 30 सितंबर के लिए राज्य स्तर पर कोई चेतावनी नहीं दी गई है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home