Uttarakhand Lower PCS Result: 113 पदों का अंतिम रिजल्ट जारी, आयुष बेलवाल ने किया टॉप; देखें पूरी लिस्ट
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने लोअर पीसीएस परीक्षा-2024 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। देहरादून के आयुष बेलवाल ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि विक्रांत सिंह दूसरे और हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर रहीं; कुल 113 पदों पर चयन हुआ है।
Sep 26 2026 11:29AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल/अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 (Lower PCS) का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने 25 सितंबर 2026 को पदवार चयन परिणाम घोषित किया। मुख्य लिखित परीक्षा में सफल और पात्र अभ्यर्थियों के साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड एवं चिकित्सकीय परीक्षण और अभ्यर्थियों की ऑनलाइन वरीयता के आधार पर अंतिम श्रेष्ठता क्रम तैयार किया गया है।
Uttarakhand Lower PCS Result 2024: Ayush Belwal Tops, 113 Selected
लोअर PCS 2024 के अंतिम परिणाम में देहरादून के आयुष बेलवाल ने पहला स्थान हासिल किया है। वहीं विक्रांत सिंह दूसरे और हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर रही हैं। टॉप-5 में अनिमेष पुनीता चौथे और भूपेश सिंह नगर कोटी पांचवें स्थान पर रहे।
मनीष सिरसवाल ने हासिल किया दूसरा स्थान
उप कारापाल पद के लिए गैरसैंण तहसील के डुंगरी निवासी शिक्षक भोला दत्त सिरसवाल के बेटे मनीष सिरसवाल ने दूसरा स्थान हासिल किया है। मनीष के चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सामान्य वर्ग से आने वाले मनीष की बहन वैज्ञानिक हैं।
113 पदों पर हुआ चयन
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न विभागों में कुल 113 रिक्त पदों पर चयन किया गया है। इसके लिए आयोग ने 3 जनवरी 2025 को विज्ञापन जारी किया था। आगे पढ़िए..
इसके बाद 27 मार्च 2026 को मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए 27 जुलाई से 3 सितंबर 2026 तक साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड और चिकित्सकीय परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई। इन्हीं चरणों के आधार पर अब अंतिम मेरिट और पदवार चयन परिणाम जारी किया गया है।
नायब तहसीलदार के 36 पदों पर चयन
नायब तहसीलदार :- 36
उप कारापाल :- 14
पूर्ति निरीक्षक :- 36
विपणन निरीक्षक :- 6
श्रम प्रवर्तन अधिकारी :- 5
आबकारी निरीक्षक :- 5
ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक :- 2
गन्ना विकास निरीक्षक :- 6
खांडसारी निरीक्षक :- 3
इन सभी पदों को मिलाकर कुल 113 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
प्राप्तांक और कटऑफ भी जारी
UKPSC ने अंतिम चयन परिणाम के साथ अभ्यर्थियों के मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्तांक तथा कटऑफ अंक भी उपलब्ध कराए हैं। अभ्यर्थी पदवार चयन सूची के साथ अपने अंक और संबंधित कटऑफ की जानकारी आयोग की वेबसाइट पर देख सकते हैं।
कहां देखें Lower PCS Result?
लोअर PCS 2024 का अंतिम चयन परिणाम उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट psc.uk.gov.in पर जारी किया गया है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर पदवार चयन सूची, प्राप्तांक और कटऑफ अंक देख सकते हैं। इस परिणाम के जारी होने के साथ ही Lower PCS 2024 की लंबे समय से चल रही भर्ती प्रक्रिया का अंतिम चरण पूरा हो गया है।