image: Dehradun Liquor Shops Raided Over Overcharging

देहरादून में प्रशासन का बड़ा एक्शन, शराब की दुकानों पर छापेमारी.. कई जगह मिली ओवररेटिंग

देहरादून में शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और अन्य अनियमितताओं की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने देर रात व्यापक छापेमारी की। अलग-अलग मजिस्ट्रेट टीमों ने माजरा, पटेलनगर, आईएसबीटी, प्रेमनगर, जाखन और राजपुर रोड समेत कई क्षेत्रों में दुकानों की जांच की।
Oct 1 2026 12:06PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की लगातार मिल रही शिकायतों को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर बुधवार देर रात जिला प्रशासन की अलग-अलग मजिस्ट्रेट टीमों ने शहर के कई इलाकों में शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रशासन ने शराब की बिक्री, स्टॉक और अभिलेखों से जुड़े कई बिंदुओं की पड़ताल की। इसमें निर्धारित बिक्री दर, स्टॉक रजिस्टर, बोतलों के बैच नंबर, सेल्समैन की वैधता, रेट लिस्ट और शिकायत नंबर की उपलब्धता शामिल थी।

Dehradun Liquor Shops Raided Over Overcharging

सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी और एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में टीम ने माजरा, पटेलनगर और आसपास के क्षेत्रों में शराब की दुकानों की जांच की। आईएसबीटी स्थित शराब की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत जांच के दौरान सही पाई गई। इसके अलावा दुकान में रखी 42 शराब की बोतलों के बैच नंबर उपलब्ध अभिलेखों से मेल नहीं खाए। जांच के दौरान दुकान पर अनधिकृत सेल्समैन भी मिले और निर्धारित रेट लिस्ट चस्पा नहीं थी।

प्रेमनगर में स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला

एसडीएम मुख्यालय रविंद्र ज्वांठा के नेतृत्व वाली टीम ने प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों में शराब की दुकानों का निरीक्षण किया। यहां एक दुकान का स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं मिला। जांच के दौरान अनधिकृत सेल्समैन भी पाए गए।

जाखन और राजपुर रोड में भी मिली अनियमितताएं

जॉइंट मजिस्ट्रेट राहुल आनंद और हर्षिता सिंह के नेतृत्व में टीम ने जाखन और राजपुर रोड क्षेत्र की दुकानों का निरीक्षण किया। इन दुकानों पर भी स्टॉक रजिस्टर अपडेट न होने, निर्धारित रेट लिस्ट प्रदर्शित न करने और आबकारी विभाग का शिकायत नंबर नहीं लगाए जाने जैसी कमियां सामने आईं। कुछ दुकानों पर अनधिकृत सेल्समैन भी पाए गए।

कई बिंदुओं पर हुई दुकानों की जांच

प्रशासन की टीमों ने शराब की दुकानों पर केवल ओवररेटिंग की ही जांच नहीं की, बल्कि बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड और नियमों के अनुपालन को भी देखा। जांच में मुख्य रूप से निर्धारित कीमत से अधिक वसूली, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री अभिलेख, बोतलों के बैच नंबर, निर्धारित बिक्री दर, रेट लिस्ट, सेल्समैन की वैधता र आबकारी विभाग का शिकायत नंबर जैसे बिंदुओं की जांच की गई।

अनियमितता मिलने पर होगी कार्रवाई

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, अनधिकृत व्यक्तियों से बिक्री और अभिलेखों में गड़बड़ी स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित रूप से औचक निरीक्षण करने और अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि शराब की दुकानों पर ओवररेटिंग और अन्य अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर आगे भी आकस्मिक चेकिंग अभियान जारी रहेगा।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home