image: Newlywed Couple s Nainital Trip Ends in Tragedy

उत्तराखंड: 4 महीने पहले हुई थी शादी, नैनीताल जाते वक्त हादसे में नेशनल खिलाड़ी की मौत; पत्नी गंभीर

नैनीताल के रामनगर के पास पीरूमदारा में डंपर और स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर में नेशनल बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं।
Oct 2 2026 6:17PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

जनपद नैनीताल के रामनगर के पास पीरूमदारा क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में नेशनल स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी यतीश यादव की मौत हो गई। उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हुई हैं। चार महीने पहले शादी के बाद दोनों पहली बार नैनीताल घूमने जा रहे थे, इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे डंपर से टक्कर हो गई।

Newlywed Couple’s Nainital Trip Ends in Tragedy

जानकारी के अनुसार, हादसा एक-दो अक्टूबर की रात करीब 1:20 बजे पीरूमदारा से आगे चौधरी ढाबे के पास हुआ। गाजियाबाद निवासी यतीश यादव अपनी पत्नी शीतल के साथ स्कॉर्पियो से काशीपुर से रामनगर होते हुए नैनीताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी की सामने से आ रहे 22 टायरा डंपर HR38AC 4554 से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मौके पर हुई यतीश यादव की मौत

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में स्कॉर्पियो चला रहे 24 वर्षीय यतीश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी शीतल गंभीर रूप से घायल हो गईं। आगे पढ़िए..

पुलिस ने घायल शीतल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया। बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली-एनसीआर के एक निजी अस्पताल में रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है।

चार महीने पहले हुई थी शादी

यतीश यादव और शीतल की शादी करीब चार महीने पहले हुई थी। शादी के बाद दोनों पहली बार नैनीताल घूमने निकले थे। परिवार के लिए यह यात्रा बेहद दुखद हादसे में बदल गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद यतीश के परिजन रामनगर संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे। यहां शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे यतीश

यतीश यादव की उम्र 24 वर्ष बताई गई है और वह गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र के शाहपुर बमेठा गांव के रहने वाले थे। वह राष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल खेल चुके थे और वर्ष 2021 में एक प्रतियोगिता में विजेता रहे थे। जानकारी के अनुसार, यतीश एक निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाने का काम भी करते थे। उनकी पत्नी शीतल पेशे से डॉक्टर बताई जा रही हैं।

पिता ने डंपर चालक पर लगाया आरोप

यतीश के पिता सुरेश यादव ने आरोप लगाया है कि डंपर चालक तेज रफ्तार में था और ओवरटेक करते समय गलत दिशा में आ गया। उनके अनुसार, इसी वजह से डंपर की उनके बेटे की कार से टक्कर हुई। पिता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home