image: SSB Camp Fire in Pithoragarh 60 Jawans Safe

पिथौरागढ़: बुखारी फटने से SSB कैंप की बैरक में लगी आग, 60 जवानों ने बमुश्किल बचाई जान

पिथौरागढ़ के धारचूला की व्यास घाटी स्थित गर्त्यांग में 11वीं वाहिनी एसएसबी कैंप की एक बैरक में गुरुवार रात अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि कड़ाके की ठंड से बचने के लिए जलाई गई डीजल बुखारी फटने के बाद आग भड़की।
Oct 2 2026 9:18PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

जनपद पिथौरागढ़ में नेपाल सीमा से सटे धारचूला की व्यास घाटी स्थित गर्त्यांग में 11वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल का कैंप है। गुरुवार रात करीब आठ बजे कैंप की एक बैरक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी बैरक आग की लपटों से घिर गई। घटना के बाद कैंप में अफरा-तफरी मच गई और बैरक में मौजूद जवान तत्काल बाहर निकल आए।

SSB Camp Fire in Pithoragarh, 60 Jawans Safe

बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले क्षेत्र में बर्फबारी हुई थी। इसके बाद व्यास घाटी में तापमान काफी नीचे चला गया और रात के समय पारा माइनस में पहुंच रहा था। ठंड से बचने के लिए जवानों ने बैरक के अंदर डीजल से चलने वाली बुखारी जलाई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसी बुखारी में अचानक तेज धमाका हुआ और उसके बाद आग भड़क उठी।

60 जवानों ने समय रहते बाहर निकलकर बचाई जान

बैरक में करीब 60 जवान मौजूद थे। आग लगते ही जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तत्काल बैरक से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग की ऊंची लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही थीं। आगे पढ़िए..

हादसे के बाद भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में भी हलचल मच गई। राहत की बात यह रही कि आग की चपेट में आने से कोई जवान घायल नहीं हुआ।

ITBP जवानों और ग्रामीणों ने भी संभाला मोर्चा

आग लगने के बाद एसएसबी कैंप के जवानों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की लपटें देखकर पास में मौजूद आईटीबीपी के जवान और स्थानीय ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। सामूहिक प्रयासों से आग को दूसरी बैरकों तक फैलने से रोक लिया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

राशन, कपड़े और अन्य सामान जलकर राख

अग्निकांड में बैरक के भीतर रखा जवानों का राशन, कपड़े और अन्य सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, किसी जवान के घायल होने की सूचना नहीं है और सभी 60 जवान सुरक्षित हैं। घटना में हुए कुल नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

एसडीएम ने की घटना की पुष्टि

धारचूला के एसडीएम आशीष जोशी ने 11वीं वाहिनी एसएसबी डीडीहाट के कमांडेंट के हवाले से घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बुखारी फटने के बाद आग लगी थी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आग से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home