लॉन्ग वीकेंड पर उत्तराखंड पैक, चारधाम-कैंचीधाम से मसूरी-ऋषिकेश तक जाम; घंटों फंसे पर्यटक
गांधी जयंती के लॉन्ग वीकेंड पर उत्तराखंड के पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ी। कैंचीधाम, नैनीताल, मसूरी और ऋषिकेश में लंबा जाम लगा, जिससे पर्यटक घंटों सड़कों पर फंसे रहे।
Oct 3 2026 5:23PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
गांधी जयंती के लॉन्ग वीकेंड पर उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कैंचीधाम से मसूरी, ऋषिकेश और चमोली तक कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा।
Uttarakhand Traffic Jam During Long Weekend
कैंचीधाम में बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए शनिवार तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। सुबह करीब चार बजे से दर्शन के लिए कतार लगनी शुरू हो गई थी। बढ़ती भीड़ के कारण सड़क पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रानीखेत, धारचूला, बागेश्वर और हल्द्वानी की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को करीब दो घंटे तक यातायात बाधित होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।
होटल और होम स्टे फुल, कमरों के लिए भटके पर्यटक
लॉन्ग वीकेंड के चलते नैनीताल और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में होटल और होम स्टे पहले ही भर चुके हैं। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को ठहरने के लिए कमरे तलाशने में परेशानी हुई। नैनीताल में भी पर्यटकों की भीड़ इतनी बढ़ी कि कुछ लोगों को रात रिक्शा स्टैंड पर गुजारनी पड़ी।
मसूरी में दो किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार
मसूरी में भी लगातार दूसरे दिन यातायात का दबाव बना रहा। सिविल हॉस्पिटल रोड से टिहरी बाईपास पर लक्ष्मणपुरी के नीचे करीब दो किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लगी रही। सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे, जिससे पर्यटकों के साथ स्थानीय लोगों को भी परेशानी हुई। मौके पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की पर्याप्त मौजूदगी नहीं होने से स्थिति और प्रभावित हुई। आगे पढ़िए..
ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी हाईवे पर मलबे से यातायात प्रभावित
गढ़वाल क्षेत्र में भी लॉन्ग वीकेंड का असर देखने को मिला। ज्योतिर्मठ से मारवाड़ी के बीच हाईवे पर मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ। इसका असर तीर्थयात्रियों के यात्रा कार्यक्रम पर भी पड़ा। यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से गेट सिस्टम लागू किया गया, ताकि वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जा सके।
मसूरी में पार्किंग भरने पर लागू होगा प्लान-B
मसूरी में वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने पहले से वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की है। पार्किंग क्षमता का करीब 90 प्रतिशत इस्तेमाल होने पर प्लान-B के तहत पर्यटकों के वाहनों को किंक्रेग पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। इसके बाद पर्यटकों को आगे जाने के लिए स्थानीय टैक्सियों का इस्तेमाल करना होगा। यदि यहां भी पार्किंग क्षमता पूरी हो जाती है तो प्लान-C लागू किया जाएगा। इसके तहत वाहनों को गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड की ओर भेजने की व्यवस्था की गई है।
ऋषिकेश में भी बढ़ा ट्रैफिक दबाव
ऋषिकेश में भी पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण कई मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ा हुआ है। हरिद्वार और देहरादून से आने वाले वाहनों को भीड़ बढ़ने की स्थिति में नेपाली फार्म, रायवाला, नटराज चौक, ढालवाला और बाईपास मार्गों से भेजने की व्यवस्था की गई है। गांधी जयंती के चलते 2 से 4 अक्टूबर तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। इसके तहत प्रमुख चौराहों, बाजारों और पर्यटन स्थलों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
घूमने निकले पर्यटक, लेकिन जाम ने बढ़ाई परेशानी
मौसम साफ होने के बाद उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों की ओर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं। हालांकि भारी वाहन दबाव के कारण कई जगहों पर कुछ मिनट का सफर घंटों में पूरा हो रहा है। कैंचीधाम, नैनीताल, मसूरी, ऋषिकेश और गढ़वाल के प्रमुख मार्गों पर बढ़ा ट्रैफिक लॉन्ग वीकेंड में पर्यटकों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।