ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर बड़ा हादसा, गहरी खाई में समा गई टैक्सी.. दो लोगों की दर्दनाक मौत
उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाली पुलिया के पास एक टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई
Oct 15 2026 9:29AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पाली पुलिया के पास एक टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
Taxi Falls into Gorge on Rishikesh-Badrinath Highway, Two Dead
देवप्रयाग कोतवाली के प्रभारी कृष्ण कांत के अनुसार, टैक्सी चंडीगढ़ से चमोली की ओर जा रही थी। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। इसी दौरान पाली पुलिया के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टैक्सी गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे।
दो लोगों की मौत, अन्य की तलाश जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में सवार अन्य लोगों का पता लगाने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और SDRF की टीमें खाई में गिरे वाहन तक पहुंचने और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुटी हैं। फिलहाल बचाव अभियान जारी है।