image: Pregnant Woman Gives Birth on Footpath

उत्तराखंड: दो दिन से अस्पताल में भर्ती गर्भवती अचानक गायब, पैदल मार्ग पर दिया बच्चे को जन्म

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती गर्भवती महिला अचानक अस्पताल से निकल गई और नृसिंह मंदिर पैदल मार्ग पर बच्चे को जन्म दिया। सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जच्चा-बच्चा दोनों को अस्पताल पहुंचाया..
Oct 15 2026 9:34PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो दिन से भर्ती एक गर्भवती महिला के अचानक अस्पताल से चले जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि नेपाली मूल की यह महिला प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती थी। इसी दौरान अस्पताल में पहले से ही एक अन्य महिला का प्रसव कराया जा रहा था। डॉक्टरों ने गर्भवती महिला को कुछ देर बाहर इंतजार करने के लिए कहा था। आरोप है कि इसी दौरान वह बिना किसी को बताए अस्पताल से निकल गई।

Pregnant Woman Gives Birth on Footpath

दूसरी महिला का प्रसव होने के बाद जब अस्पताल में गर्भवती महिला नहीं मिली, तो स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसकी तलाश शुरू की। इसी बीच स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि एक महिला पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास प्रसव पीड़ा से गुजर रही है। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान महिला ने नृसिंह मंदिर पैदल मार्ग पर बच्चे को जन्म दिया। स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रसव में सहायता की और मां व नवजात को अस्पताल पहुंचाया।

जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. गौतम के अनुसार, महिला और नवजात दोनों की स्थिति सुरक्षित है। समय पर स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने के बाद मां और बच्चे को अस्पताल लाया गया, जहां उनकी देखभाल की जा रही है। घटना के बाद जच्चा-बच्चा दोनों के सुरक्षित होने से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home