उत्तराखंड: 12वीं के छात्र ने की रेप की कोशिश, असफल होने पर 48 साल की महिला को मार डाला
12वीं में पढ़ने वाला राहुल 48 साल की रीता पर बुरी नजर रखता था, दुष्कर्म का विरोध करने पर उसने रीता की हत्या कर दी...
Sep 25 2019 5:48PM, Writer:कोमल नेगी
उत्तराखंड के रुद्रपुर में बीएसएनएल कर्मी की पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लड़का 12वीं का छात्र है। हत्या की वजह भी सामने आ गई है, जो कि बेहद शर्मनाक है। आरोपी राहुल 48 साल की महिला के साथ दुष्कर्म करना चाहता था, महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया। घटना मंगलवार की है। बीएसएनएल कॉलोनी में रहने वाली रीता सिंह की एक युवक ने हत्या कर दी थी। आरोपी युवक राहुल रीता सिंह के पड़ोस मे रहता था। मंगलवार को जब घर में कोई नहीं था तो राहुल घर में दाखिल हुआ और रीता के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। अपने बचाव के लिए रीता ने चाकू उठा लिया। बाद में आरोपी ने रीता से चाकू छीना और उसी चाकू से कई वार कर रीता की हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें - देहरादून से गिरफ्तार हुआ दुष्कर्म का आरोपी फौजी, कई महीनों से पुलिस को चकमा दे रहा था
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद राहुल ट्रेन पकड़ कर भागने की फिराक में था। पुलिस ने उसे नवोदय स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि रीता के पड़ोस में रहने वाला युवक राहुल मिश्रा उन पर बुरी नजर रखता था। मंगलवार को दुष्कर्म के प्रयास में विफल रहने पर राहुल ने रीता की हत्या कर दी। आरोपी राहुल ने खुद को बचाने के लिए घर का सामान भी बिखेर दिया था, ताकि पुलिस इसे लूट का मामला समझे। आरोपी के पिता ने ही पुलिस को हत्याकांड के बारे में सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खून से सने कपड़े और हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। इस घिनौनी घटना से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं। 48 रीता सिंह और उनके पति रतिभान सिंह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। सोमवार को रतिभान किसी काम से गांव गए हुए थे, मंगलवार को आरोपी राहुल ने उनके घर में घुस कर पत्नी रीता की हत्या कर दी थी।