image: Actor sunil shetty arrives mussoorie

मसूरी की खूबसूरत वादियों में पत्नी के साथ पहुंचे सुनील शेट्टी, कहा-यहां सुकून मिलता है

मसूरी घूमने आए फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने मसूरी में फिल्म कॉन्क्लेव का आयोजन कर बॉलीवुड के लिए दरवाजे खोल दिए हैं...
Nov 30 2019 4:31PM, Writer:कोमल नेगी

उत्तराखंड की खूबसूरत वादियां बर्फबारी के बाद और भी हसीन हो गई हैं। मसूरी-धनोल्टी के दिलकश नजारे देखने के लिए देश-विदेश की मशहूर हस्तियां उत्तराखंड पहुंचने लगी हैं। मशहूर फिल्म स्टार सुनील शेट्टी भी अपनी पत्नी संग मसूरी की खूबसूरत वादियों का लुत्फ उठाने उत्तराखंड आए हुए हैं। बर्फबारी के बाद मसूरी और धनोल्टी का मौसम और भी सुहावना हो गया है। प्रकृति के इन्हीं दिलकश नजारों को देखने के लिए सुनील शेट्टी मसूरी आए हुए हैं। उन्होंने मसूरी में खूब फोटो खिंचवाई, प्रकृति की सुंदरता को सराहा। इस दौरान सुनील शेट्टी मीडिया से बचते दिखे, पर उनके फैंस किसी तरह उन तक पहुंच ही गए। फैंस ने सुनील शेट्टी से ऑटोग्राफ लिया, उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई। इस दौरान सुनील शेट्टी की पत्नी भी उनके साथ थीं। सुनील शेट्टी को अपने बीच पाकर फैंस खुशी से फूले नहीं समा रहे थे। मसूरी घूमने आए सुनील शेट्टी एक स्थानीय रेस्टोरेंट में भी गए।

यह भी पढ़ें - पहाड़ में भीषण हादसा टला..2 हजार मीटर की ऊंचाई पर रपटी जीप, ऐसे बची 7 लोगों की जान
मसूरी में इन दिनों सुनील शेट्टी के बेटे अहान शेट्टी की डेब्यू फिल्म की शूटिंग हो रही है। फिल्म तड़प से अहान बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहें हैं, फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री तारा सुतारिया नजर आएंगी। सुनील शेट्टी फिल्म तड़प की शूटिंग के सेट पर भी पहुंचे। जहां उन्होंने कई पोज अपने सामने शूट करवाए। सुनील शेट्टी ने बेटे अहान और तारा सुतारिया का उत्साहवर्द्धन भी किया। बाद में उन्होंने मीडियाकर्मियों से बात भी की। उन्होंने कहा कि मसूरी और उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है। यहां आकर अलग सा सुकून मिलता है। सुनील शेट्टी ने त्रिवेंद्र सरकार के प्रयासों की भी तारीफ की, उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार ने मसूरी में फिल्म कॉन्क्लेव का आयोजन कर बॉलीवुड के लिए दरवाजे खोल दिए हैं। इससे बॉलीबुड के निर्माता निर्देशक काफी प्रभवित हुए हैं। फिल्म नीति में संशोधन करने के बाद उत्तराखंड बॉलीवुड निर्माताओं-निर्देशकों की पहली पसंद बन गया है। ये राज्य के लिए अच्छा संकेत है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home