मैदानी जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट, शीतलहर से बढ़ी ठिठुरन
मैदानों में कोहरा मुश्किल बढ़ाएगा तो वहीं पहाड़ों में पाले से मुसीबत बढ़ेगी...
Dec 23 2019 11:31AM, Writer:कोमल
कड़ाके की ठंड का असर इस बार क्रिसमस सेलिब्रेशन पर भी पड़ेगा। फिलहाल ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं। बीते शनिवार की रात देहरादून की सबसे सर्द रात रही। यहां रात का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस सीजन में ऐसा पहली बार हुआ। आने वाले समय में ठंड और बढ़ेगी। तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा। सोमवार को हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में रहने वाले लोग संभलकर रहें। वाहन सावधानी से चलाएं, क्योंकि मौसम विभाग ने सोमवार को हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। दूसरे मैदानी इलाकों में भी धुंध छाई रहेगी। कोहरे में सड़क हादसों की संभावना बढ़ जाती है, इसीलिए संभलकर रहें। सोमवार से प्रदेश में शीतलहर का असर बना रहेगा। सोमवार और मंगलवार को भारी कोहरा छाया रह सकता है। मैदानों में कोहरा मुश्किल बढ़ाएगा तो वहीं पहाड़ों में पाले से मुसीबत बढ़ेगी, राहत वाली बात ये है कि फिलहाल कहीं भी बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: खाई में गिरने वाली थी बस, ऐसे बची 20 लोगों की जान
देहरादून में 25 दिसंबर से 28 दिसंबर के बीच रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि इस बीच धूप के दर्शन होते रहेंगे। इन दिनों प्रदेश के कई हिस्सों में बर्फ जमी हुई है। केदारनाथ में 6 फीट से ज्यादा बर्फ जमा है, जिस वजह से पुनर्निर्माण कार्य ठप हैं। केदारनाथ का जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग से संपर्क कट गया है। कई जगह मोबाइल और डीएसपीटी सेवा भी ठप है। रविवार को खिली धूप ने लोगों को राहत जरूर दी, लेकिन अब भी केदारनाथ के साथ-साथ तुंगनाथ, दुगलबिट्टा, कालशिला, चिरबटिया जैसे इलाके बर्फ से ढके हैं। बर्फ पिघलने की वजह से ठिठुरन बढ़ गई है, शीतलहर ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया है।