उत्तराखंड: किचन में खाना बना रही महिला पर झपटा गुलदार, इस तरह बची जान
जिस जगह गुलदार के हमले की घटना हुई, वो शहर का व्यस्ततम इलाका है..
Jan 17 2020 6:27PM, Writer:कोमल
पहाड़ में नरभक्षी गुलदार का आतंक चरम पर है। गुलदार बस्तियों में घुस कर लोगों पर हमला कर रहे हैं। ताजा मामला पिथौरागढ़ का है, जहां गुलदार ने घर में घुसकर महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला की जान बाल-बाल बची। महिला के शोर मचाने पर गुलदार वहां से भाग गया। घटना के बाद से लोग डरे हुए हैं। लोगों ने वन विभाग से गुलदार को नरभक्षी घोषित कर उसे पकड़ने की मांग की। घटना कनालीछीना बाजार की है। जहां बुधवार शाम गुलदार एक घर में दाखिल हो गया। घटना के वक्त ज्योति भंडारी नाम की महिला घर में परिजनों के साथ बैठी थी। घर में खाना बन रहा था। ज्योति दरवाजे की तरफ बैठी हुई थी। इसी दौरान गुलदार दबे पांव कमरे में दाखिल हुआ और ज्योति पर झपट्टा मारा।
यह भी पढ़ें - पहाड़ के दो होनहारों को बधाई, वर्ल्ड बॉलीवॉल चैपियनशिप के लिए टीम इंडिया में हुआ चयन
गुलदार को देख महिला के पास बैठे परिजन सकते में आ गए, उन्होंने शोर मचा दिया। जिसके बाद गुलदार वहां से भाग खड़ा हुआ। जिस जगह ये घटना हुई है, वो शहर का व्यस्ततम इलाका है। चार दिन पहले इसी जगह धूप सेंक रही एक महिला पर भी गुलदार ने हमला कर दिया था। गुलदार महिला को अपने साथ खींचकर ले जा रहा था। तभी लोगों ने शोर मचा दिया, जिसके बाद गुलदार महिला को छोड़ कर भाग गया। गुलदार के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हुई थी। वो अब भी अस्पताल में भर्ती है। क्षेत्र में गुलदार के हमले की बढ़ती घटनाओं से लोग डरे हुए हैं। लोगों की मांग पर वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगा दिया है।