image: Dj operator killed during firing in marriage in bazpur udham singh nagar

उत्तराखंड: शादी के जश्न के दौरान हुई फायरिंग, गोली लगने से डीजे ऑपरेटर की मौत

बाजपुर में शादी समारोह में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में गोली चल गई। तमंचे से निकली गोली 20 साल के डीजे ऑपरेटर अवतार सिंह को लगी, लहूलुहान अवतार सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया...
Mar 4 2020 12:41AM, Writer:कोमल नेगी

उत्तराखंड के ऊधमसिंहनगर में शादी समारोह में डीजे को लेकर हुए विवाद में फायरिंग हो गई। झगड़े के दौरान हुई फायरिंग में चली गोली डीजे ऑपरेटर के सीने में जा लगी, जिस वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग के बाद समारोह में अफरा-तफरी मच गई, लोग अपनी जान बचाने के लिए यहां-वहां भागने लगे। डीजे ऑपरेटर की हत्या करने वाले आरोपी फरार हैं, पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। घटना बाजपुर की है। जहां बेरिया दौलत गांव में गुरप्रीत सिंह की शादी का जश्न चल रहा था। युवक डीजे फ्लोर पर डांस कर रहे थे। इसी बीच डीजे पर गाना बजाने को लेकर झगड़ा होने लगा। झगड़ा बढ़ने लगा तो डीजे ऑपरेटर युवक ने डीजे बंद कर दिया। वो सामान समेट रहा था कि तभी कुछ युवक तमंचे से फायरिंग करने लगे।

यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: खाई में गिरी कार, 2 युवतियों समेत 3 लोगों की दर्दनाक मौत..शादी में पसरा मातम
तमंचे से निकली गोली 20 साल के डीजे ऑपरेटर अवतार सिंह के सीने पर लगी, वो लहूलुहान होकर गिर पड़ा। फायरिंग होते ही समारोह में भगदड़ मच गई। इसी बीच आरोपी मौका पाकर वहां से फरार हो गए। बाद में डीजे ऑपरेटर अवतार सिंह को गंभीर अवस्था में बाजपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। अवतार सिंह की मौत हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अवतार की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बिलख-बिलख कर रोने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना को लेकर जानकारी जुटाई। जांच में पता चला है कि आरोपी युवक गांव बेरिया दौलत का ही रहने वाला है। पुलिस उसकी तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लेने का दावा किया।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home