केदारनाथ में हेलीकॉप्टर कंपनियों की मनमानी..बुकिंग के बाद भी यात्रियों को नहीं पहुंचा रहे धाम
केदारनाथ में संचालित की जाने वाली हेली सेवाओं को लेकर श्रृद्धालुओं के बीच नाराजगी साफ नजर आ रहा है। आगे पढ़िए
Nov 5 2020 3:36PM, Writer:Komal Negi
केदारनाथ धाम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही हो रही है। लोगों की सुविधा को देखते हुए हेली सेवाओं के संचालन को काफी दिनों पहले ही हरी झंडी दिखा दी गई है मगर अब लोगों के बीच हेली कंपनियों द्वारा संचालित की जाने वाली सेवाओं को लेकर काफी शिकायतें नजर आ रही हैं। हवाई सेवा से केदारनाथ धाम आ रहे श्रद्धालु खुश नजर नहीं आ रहे हैं। अपनी और अपने परिजनों के लिए हेली टिकट बुक करा रहे लोग बिना दर्शन किए ही धाम से वापस लौट रहे हैं। श्रद्धालुओं ने हेली सेवाओं के ऊपर अपनी मनमानी और लापरवाही करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि बुकिंग के बावजूद भी हेली सेवाएं समय पर उनको केदारनाथ लेकर नहीं जा रही हैं। कभी-कभी तो 3 से 4 दिन इंतजार के बाद भी हेली कंपनियां श्रद्धालुओं को इंतजार करा रही हैं। वहीं वे अपनी मनमानी करते हुए तय किए गए किराए से भी अधिक पैसे ले रही हैं।
यह भी पढ़ें - पहाड़ में दर्दनाक हादसा..गहरी खाई में गिरा वाहन, 1 की मौत...दूसरा चट्टानों के बीच फंसा
पूर्व राज्यमंत्री ज्ञान सिंह नेगी की बेटी ने भी हाल ही में हेली कंपनियों की लापरवाही के ऊपर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हेली कंपनी से बुकिंग करवाई थी। मगर उसके बावजूद भी उनको 3 दिनों तक इंतजार करना पड़ा और उसके बाद वह बिना दर्शन के ही लौट गईं। रजनी रावत ने बताया कि उन्होंने उनके पति डॉ बीएस रावत एवं खुद के लिए केदारनाथ दर्शन के लिए एक हेली कंपनी से बुकिंग कराई थी। वह गुप्तकाशी के निकट जाखधार हेलीपैड में 3 दिन तक केदारनाथ जाने का इंतजार करते रहे मगर कंपनी हर रोज कोई न कोई बहाना ही बनाती रही। और इसी बीच कंपनी ने अपना किराया 6,500 से बढ़ाकर 7,750 कर दिया। हेली कंपनी ने अपनी मनमानी करते हुए सभी श्रद्धालुओं के ऊपर पैसे देने का दबाव बनाया। पैसे भरने के बावजूद भी हेली कंपनी श्रद्धालुओं को केदारनाथ ले जाने में देर करती रही और मजबूरन उनको वापस बिना दर्शन के लौटना पड़ा।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: निर्माणाधीन फ्लाईओवर का पैनल कार पर गिरा..कार सवार गंभीर रूप से घायल
देवप्रयाग के शेखर भट्ट ने भी हेली कंपनियों के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वे अपनी 81 वर्ष की दादी को हेलीकॉप्टर से केदारनाथ दर्शन के लिए ले गए थे। इसके लिए उन्होंने काफी पहले से बुकिंग भी करवा दी थी। मगर वे 2 दिन के इंतजार के बाद बहुत मुश्किल से सुबह केदारनाथ पहुंचे। आगरा के अशोक कुमार गोयल का कहना है कि कंपनी हैली सेवाओं के संचालन में काफी देरी कर आ रही है और कई- कई दिनों तक लोगों को केदारनाथ पहुंचने का इंतजार करना पड़ रहा है। उनके साथ में बच्चे और बुजुर्ग होते हैं ऐसे में इंतजार करना और कठिन हो जाता है। हेलीपैड के अंदर पानी और बाथरूम जैसी भी सुविधा नहीं दी गई है। कुल मिलाकर केदारनाथ धाम में हेली कंपनियां अपनी मनमानी कर रही हैं। इसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए। रुद्रप्रयाग की डीएम वंदना सिंह ने बताया कि केदारनाथ हवाई सेवा के टिकट बेचने में की जा रही मनमानी की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। इसके अलावा हेलीपैड में निगरानी के लिए भी कैमरे लगाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार आरोप साबित होने पर प्रशासन संबंधित कंपनियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही करेगा।