उत्तराखंड के 4 जिलों में बिगड़ा मौसम का मूड..आज रात से कई जगह ओले-बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले पांच दिनों तक मौसम में सुधार होने की गुंजाइश कम ही है। पहाड़ में पाला तो वहीं मैदानों में कोहरा दिक्कतें बढ़ाएगा।
Dec 11 2020 3:11PM, Writer:Komal Negi
पहाड़ में आज से कड़ाके की ठंड का आगाज हो गया। मौसम का मूड एक बार फिर बिगड़ गया है। जल्द ही पहाड़ों में सीजन की दूसरी बर्फबारी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो फिलहाल मौसम से राहत मिलने की संभावना नहीं है। प्रदेश के कई इलाकों में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। बात करें गढ़वाल मंडल की तो यहां आज रात से कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। कहीं-कहीं बिजली भी गिर सकती है। इसको देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। कुल मिलाकर मौसम के लिहाज से अगले कुछ दिन मुश्किल भरे रहने वाले हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार आज रात से अगले 48 घंटों के दौरान गढ़वाल मंडल के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इस दौरान ओले और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: सरकारी नौकरी में मिली वन टाइम छूट.. 42 साल वाले भी कर सकते हैं अप्लाई
शनिवार को दिन में थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन रात से एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी से मुश्किलें बढ़ेंगी तो वहीं मैदानी जिलों में कोहरा परेशानी बढ़ाएगा। राज्य के मैदानी जिलों विशेषकर हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में कोहरा छाया रह सकता है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले पांच दिनों तक मौसम में सुधार होने की गुंजाइश कम ही है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी से तापमान में तेजी से गिरावट आएगी। पहाड़ में पाला तो वहीं मैदानों में कोहरा दिक्कतें बढ़ाएगा। कुछ मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश के एक से दो दौर हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: घर के बेडरूम में गाय और सांडों की लड़ाई.. वायरल हुआ वीडियो
मौसम विज्ञान केंद्र ने आज से कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई थी। ऐसा ही हो भी रहा है। ठिठुरन का एहसास होने लगा है। ठंडी हवाएं बेचैन करने लगी हैं। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आज चार जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और देहरादून में हल्की बारिश और हिमपात होने की संभावना है। कल भी मौसम खराब रहेगा। 12 दिसंबर को 5 जिलों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। ये जिले हैं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़। इन जिलों के लोग संभलकर रहें। यहां ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात हो सकता है। निचले इलाकों में बारिश की संभावना है। दूसरे अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इस बार उच्च हिमालयी क्षेत्रों के साथ-साथ 2500 से तीन हजार मीटर तक ऊंचाई वाले इलाकों में भी हिमपात की संभावना है।