उत्तराखंड: आत्महत्या करने हल्द्वानी से नैनीताल पहुंची महिला..बुजुर्ग नाव वाले ने बचाई जान
महिला ने बताया कि वो पारिवारिक कलह से आजिज आ चुकी थी। हालात सुधरने की उम्मीद न रही तो वो हल्द्वानी से नैनीताल पहुंच गई और सुसाइड नोट लिखने के बाद झील में छलांग लगा दी।
Apr 11 2021 6:09PM, Writer:Komal Negi
जीवन ईश्वर का दिया सबसे बड़ा तोहफा है, लेकिन डिप्रेशन और रिश्तों की खींचतान लोगों को जिंदगी को ठुकरा कर मौत को गले लगाने पर मजबूर कर रही है। हल्द्वानी की रहने वाली एक महिला भी इसी इरादे से नैनीताल पहुंची थी। यहां उसने नैनी झील में कूदकर जान देने की कोशिश की, लेकिन महिला की किस्मत अच्छी थी, जो कि उसे समय पर मदद मिल गई। नाव चालक किशन लाल ने किसी तरह महिला को पानी से बाहर निकाला। इस तरह महिला की जान बच गई। फिलहाल वो अस्पताल में भर्ती है। जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला के पास से 4 पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने घटना के बारे में महिला के परिजनों को सूचना दे दी है। महिला ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: सैलानियों ने किराए पर ली बाइक..वापस करने की जगह दिल्ली भाग गए
पूछताछ में महिला ने बताया कि वो पारिवारिक कलह से आजिज आ चुकी थी। तमाम कोशिशों के बावजूद परेशानियां खत्म नहीं हो रही थी। हालात सुधरने की उम्मीद न रही तो वो हल्द्वानी से नैनीताल पहुंच गई और सुसाइड नोट लिखने के बाद पाषाण देवी मंदिर के पास नैनी झील में छलांग लगा दी। इस बीच महिला को छलांग लगाते हुए एक नाव चालक ने देख लिया। नाव चालक किशन लाल तुरंत मौके पर पहुंचा और महिला को बचाने की कोशिश करने लगा। कड़ी मशक्कत के बाद कहीं जाकर महिला को झील से बाहर निकाला जा सका। बाद में 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने बताया कि महिला के पेट में काफी पानी भर गया था। जिसे निकाल दिया गया है। अब उसकी हालत सामान्य है। वहीं पुलिस ने घटना की सूचना उसके परिवार वालों को दे दी है। मामले की तफ्तीश जारी है।