image: Barber cut Pandits choti in Dehradun

देहरादून में गजब हो गया, बाल कटवाने गए थे पंडित जी, नाई ने चोटी काट दी..दर्ज हुई FIR

देहरादून में बाल कटवाने गए पंडित की चोटी नाई ने करदी स्वाहा, पुलिस तक पहुंचा मामला, नाई के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
Aug 9 2021 3:25PM, Writer:अनुष्का ढौंडियाल

हिन्दू धर्म में आपने अक्सर देखा होगा कि ब्राह्मण अपने सिर पर चोटी रखते हैं और सुना भी होगा कि उनकी चोटी उनकी पहचान मानी जाती है। देहरादून में एक पंडित की इसी चोटी के साथ छेड़खानी होने पर बवाल कट गया। देहरादून के सैलून में एक पंडित के बाल काटना नाई को भारी पड़ गया। दरअसल सैलून में बाल कटवाने गए एक पंडित की नाई ने गलती से चोटी ही काट दी। पंडित को घर जाने के बाद में पता लगा कि नाई ने उसकी चोटी काट दी है जिसके बाद पंडित नाई के सैलून में पहुंचा और वहां पर बवाल काटना शुरू किया और इस बात का विरोध करना शुरू कर दिया। नाई ने पंडित जी से उनकी चोटी काटने के लिए कई बार माफी भी मांगी मगर उसके बावजूद भी पंडित नहीं माने और पंडित ने नेहरू कॉलोनी थाने में नाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

यह भी पढ़ें - देहरादून का काला सच..नशा मुक्ति केंद्र में लड़कियों को स्मैक पिलाकर दी गई नर्क सी यातनाएं
चलिए आपको पूरे मामले की संक्षिप्त से जानकारी देते हैं। नेहरू कॉलोनी थाना अध्यक्ष राकेश गुसाईं ने जानकारी देते हुए बताया कि नवादा में भावेश जेंट्स पार्लर नाम का सैलून है जहां पर पंडित शिवानंद कोटनाला बाल कटवाने गए। बाल काटने के बाद नाई ने उनके बालों में मेहंदी लगाई मगर गलती से नाई ने उनकी चोटी भी काट दी। जब पंडित शिवानंद अपने घर गए और कुछ घंटों बाद नहाने गए तब उनको पता लगा कि नाई ने उनकी चोटी काट दी है जिसके बाद वे नाई के पास पहुंचे और सैलून के सामने हंगामा खड़ा करने लगे। जब भावेश ने इसके लिए माफी मांगी भी तब भी वे नहीं माने और पुलिस में नाई के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं थानाध्यक्ष का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज करते हुए पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home