image: Char dham yatra may start from 18 September

उत्तराखंड में कल से शुरू हो सकती है चार धाम यात्रा, आज आ सकती है गाइडलाइन

उत्तराखंड में कल से शुरू होगी चार धाम यात्रा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर दी जानकारी, आज जारी हो सकती है एसओपी
Sep 17 2021 1:57PM, Writer:अनुष्का ढौंडियाल

बीते गुरुवार को हाईकोर्ट ने चार धाम को लेकर सुखद फैसला सुनाया। लंबे समय से यात्रा का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं के लिए हाईकोर्ट ने चार धाम यात्रा के रास्ते खोल दिए हैं। जिसके बाद से ही प्रदेश सरकार चार धाम की यात्रा की तैयारियों में जुट गई है। यात्रा आने वाले शनिवार यानी कि 18 सितंबर से शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात ट्वीट करके चार धाम यात्रा के शुरू होने की खुशखबरी दी और कहा कि 18 सितंबर से राज्य में चार धाम यात्रा शुरू हो जाएगी और पर्यटन विभाग आज इस सिलसिले में एसओपी जारी कर सकता है। इसी बीच मुख्य सचिव डॉ एसएस संधू ने भी पर्यटन समेत यात्रा से जुड़े विभिन्न विभागों और देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड के अधिकारियों के साथ जरूरी बैठक की और चार धाम यात्रा की तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें - बड़ी खबर:जल्द शुरू होगी उत्तराखंड चारधाम यात्रा, हाईकोर्ट ने दी बड़ी राहत
चार धाम यात्रा के लिए कुल 2 एसओपी तैयार की जाएंगी। सबसे पहली एसओपी पर्यटन विभाग जारी करेगा जिसमें चार धाम बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री एवं यमुनोत्री तक पहुंचने के लिए यात्रियों को जरूरी दिशा निर्देश और नियम बताए जाएंगे जिनका पालन करना अनिवार्य होगा। दूसरी एसओपी देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड जारी करेगा जिसमें मंदिरों में यात्रियों के लिए मानक और पंजीकरण की व्यवस्था हेतु जरूरी नियम बताए जाएंगे। चार धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को दोनों ही एसओपी का पालन करना अनिवार्य होगा। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के अनुसार पर्यटन विभाग एवं देवस्थानम बोर्ड ने चार धाम यात्रा के लिए पहले ही तैयारियां की हुई हैं। यात्रा के लिए केवल हाईकोर्ट के आदेश का ही इंतजार था। आदेश मिलते ही यात्रा की तैयारियां जोरों-शोरों से शुरू कर दी गई हैं और अब उन को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अदालत के दिशा निर्देशों के अनुरूप कोविड की गाइडलाइंस का पालन करते हुए 18 सितंबर से चार धाम यात्रा शुरू हो जाएगी।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home