image: 1 crore 40 lakh fraud with women in dehradun

देहरादून में महिला से 1 करोड़ 40 लाख की ठगी, उधार लेने वाले ने पैसे वापस ही नहीं दिए

आरोपी ने महिला के पति से उधार के तौर पर एक करोड़ रुपये लिए थे। महिला के पति की मौत के बाद वो रुपये लौटाने में आनाकानी करने लगा। आगे जानिए पूरा मामला-
Oct 23 2021 5:53PM, Writer:Komal Negi

देहरादून में परिचित शख्स ने एक महिला से 1 करोड़ 40 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने महिला के पति से उधार के तौर पर एक करोड़ रुपये लिए थे। महिला के पति की मौत के बाद वो रुपये लौटाने में आनाकानी करने लगा। महिला ने रुपये देने के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने महिला को एक प्रॉपर्टी दिखाई। इस प्रॉपर्टी के नाम पर उसने महिला से 40 लाख रुपये और लिए। पूरी धनराशि लेने के बाद आरोपी जमीन की रजिस्ट्री महिला के नाम कराने से मुकर गया। पीड़ित ने अब पुलिस से मदद मांगी है। उसने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पीड़ित महिला भारती बिष्ट कौलागढ़ क्षेत्र में रहती है। राजपुर थाना पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि उनके पति संजय सिंह बिष्ट की राजेंद्र सिंह सोलंकी से दोस्ती थी। जिस कारण राजेंद्र का उनके घर पर आना जाना लगा रहता था। राजेंद्र ने संजय सिंह से निजी जरूरत के लिए साल 2017 में अलग-अलग तारीख को एक करोड़ रुपये उधार लिए थे।

यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: घर के बाहर खेलते खेलते 2 साल के बच्चे की मौत, बेसुध हो गए माता-पिता
उसने दो साल के अंदर रुपये वापस करने का वादा किया था। संजय सिंह ने 24 अप्रैल 2017 को रुपये वापसी को लेकर एक अनुबंध पत्र भी बनवाया था। साल 2019 में संजय सिंह का निधन हो गया। पति के निधन के बाद भारती बिष्ट ने राजेंद्र सिंह से रुपये वापस मांगे तो वह टालमटोल करने लगा। पीड़ित और उसके रिश्तेदारों ने राजेंद्र सिंह पर दबाव बनाया तो उसने अपने साथी कैलाश जोशी के साथ मिलकर पीड़ित को बहला-फुसलाकर धोरण खास में एक प्लॉट दिखाया। दोनों आरोपियों ने इस प्लॉट की कीमत 40 लाख रुपये बताई। महिला उनकी बातों में आ गई और 40 लाख रुपये दे दिए। रुपये लेने के बाद आरोपी रजिस्ट्री कराने से मुकर गया। अब पीड़ित ने राजेंद्र सिंह सोलंकी और कैलाश जोशी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home