उत्तराखंड: पुलिस ने दर्ज नहीं किया भैंस चोरी का केस, CM तक पहुंचा मामला..7 महीने बाद केस दर्ज
परेशान खष्टी देवी 7 महीने से यहां-वहां भटक रही थी, लेकिन पुलिस ने भैंस चोरी का केस दर्ज नहीं किया।
Sep 5 2022 7:23PM, Writer:कोमल नेगी
खबर हल्द्वानी से है, जहां एक महिला को भैंस चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए मुख्यमंत्री दरबार में गुहार लगानी पड़ी।
Haldwani Khashti Devi buffalo theft case
महिला 7 महीने तक भटकती रही, लेकिन मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई। मामला सीएम के दरबार में पहुंचा, तब कहीं जाकर महिला को इंसाफ मिलने की उम्मीद जगी। घटना 21 जनवरी 2022 की है। अर्जुनपुर क्षेत्र के हाथीखाल निवासी खष्टी देवी की गोशाला से दो भैंसें चोरी हो गईं थीं। महिला अगले दिन शिकायत लेकर मंडी पुलिस चौकी पहुंची, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। फिर वह अपनी शिकायत लेकर हल्द्वानी कोतवाली पहुंची लेकिन यहां भी उन्हें मंडी पुलिस चौकी जाने के लिए कहा गया। 7 महीने बाद भी केस दर्ज नहीं हुआ तो खष्टी देवी ने सीएम को प्रार्थनापत्र भेजा। सीएम कार्यालय से निर्देश आने के बाद महिला की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आगे पढ़िए
उधर सीएम दरबार में तमाम संगठनों ने अपने ज्ञापन सौंपे। प्राधिकरण हटाओ मोर्चा के अध्यक्ष प्रमोद मेहता ने जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण और बागेश्वर महायोजना 2031 को पूर्ण रूप से निरस्त करने की मांग की। जबकि कोविड उपनल कर्मचारियों ने तत्काल नियुक्ति देने और भविष्य में स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों में समायोजन करने की मांग की। बागेश्वर-टनकपुर रेल निर्माण संघर्ष समिति ने रेल लाइन की सर्वे का कार्य पूरा कर जल्द रेल लाइन का निर्माण कराने की मांग की। इसी तरह माध्यमिक शिक्षक संघ के शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को अशासकीय विद्यालयों में भी शासकीय स्कूलों की भांति निशुल्क पुस्तकें और अन्य सुविधाएं देने समेत 16 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा है।