Uttarakhand Weather Report: उत्तराखंड के दो जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, वाहन चालक सावधान रहें
आज हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर समेत अन्य मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है। वाहन चालक सावधान रहें।
Jan 28 2024 6:27PM, Writer:कोमल नेगी
उत्तराखंड में हाड़ कंपाने वाली ठंड से राहत नहीं मिल रही। बारिश का इंतजार भी खत्म होता नहीं दिख रहा। दिसंबर के बाद जनवरी भी सूखा बीत रहा है, जिस वजह से लोगों को कोरी ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
Uttarakhand Weather Report
आज मौसम कैसा रहेगा, ये भी बताते हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर समेत अन्य मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है। दोनों जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में भी उथला कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगा। कुल मिलाकर आज प्रदेशभर में मौसम शुष्क रह सकता है। दिन के समय कई मैदानी व पहाड़ी इलाकों में चटख धूख खिलने की संभावना है। कही-कहीं शीतलहर की स्थिति बन सकती है। आगे पढ़िए...
सुबह-शाम तापमान में गिरावट से पहाड़ों में कंपकंपी बनी रह सकती है। इन दिनों प्रदेशभर में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 22.1 व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री कम 12.1 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अगर आप उत्तराखंड की यात्रा पर जा रहे हैं तो मौसम का ध्यान रखें। वाहन चलाते वक्त सावधानी बरतें।