image: Uttarakhand Weather Forecast 11 April 2024

Uttarakhand Weather: गर्मी से मिलेगी राहत इन जिलों में बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

प्रदेश में लगातार गर्मी का प्रभाव बढ़ता नज़र आ रहा है। दिनभर तेज़ गर्मी झेलने के बाद शाम को हवाओं से कुछ राहत मिल रही है। आज का मौसम भी कुछ इस प्रकार का रहने वाला है।
Apr 11 2024 3:55PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

प्रदेश के मौसम में बदलाव की उम्मीद की जा रही है। चटक धूप और चिलचिलाती गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आज प्रदेश में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। इन तेज हवाओं के साथ तापमान में भी कुछ कमी आ सकती है, जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

Uttarakhand Weather Forecast 11 April 2024

प्रदेश में बुधवार को सुबह से चटख धूप खिलने के बाद शाम को मौसम का मिजाज एकदम से बदल गया। पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हुई। वहीं निचले इलाकों में शाम को झोंकेदार हवाएं चलीं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के अधिकांश क्षेत्रों में लोगों ने तपिश का अनुभव किया जिससे उनके पसीने छूट गए। तेज धूप की चमक के कारण तापमान में काफी उछाल आया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस शनिवार और रविवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना है। आज देहरादून में मौसम साफ रहेगा लेकिन दोपहर के बाद कुछ गर्जन वाले बादल छा सकते हैं।

इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के अनुसार आज पर्वतीय जनपदों में आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाए रहने की सम्भावना है। प्रदेश में चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर, देहरादून, अल्मोड़ा, टिहरी और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें तथा ओलावृष्टि के आसार हैं। इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

तापमान की स्थिति

बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंतनगर का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.9 डिग्री सेल्सियस था। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home