image: Uttarakhand Panchayat Chunav Result Banwara Chamoli 2025

Uttarakhand Panchayat Chunav Result: चमोली में प्रत्याशियों को मिले बराबर वोट, सिक्का उछाल कर चुना गया प्रधान

ग्राम पंचायत बणद्वारा दो प्रधान प्रत्याशियों को बराबर वोट मिले हैं, जिसके बाद टॉस करके ग्राम प्रधान चुना गया।
Jul 31 2025 3:42PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के परिणाम आज 31 जुलाई शाम तक घोषित किए जाएंगे। सुबह 8 बजे से हरिद्वार जिले को राज्य के 12 जिलों में मतगणना आरंभ हो गई, जिसमें 32,580 प्रत्याशियों के भाग्य का निर्धारण हो रहा है। इसी बीच चमोली जिले में एक 23 वर्षीय प्रत्याशी ने टॉस जीतकर प्रधान पद हासिल किया।

Uttarakhand Panchayat Chunav Result Banwara Chamoli 2025

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणामों के बीच चमोली जिले में भी प्रधान पद पर रोचक मुकाबला देखने को मिला। दरअसल यहां ग्राम पंचायत बणद्वारा दो प्रधान प्रत्याशियों को बराबर वोट मिले हैं। जिसके बाद टॉस करके प्रधान पद पर विजेता घोषित किया गया। जिसमें टॉस जितने वाला प्रत्याशी 23 वर्षीय छात्र नितिन है, जो अब आगामी 5 सालों के लिए ग्राम प्रधान बन गया है।

छात्रसंघ में महासचिव रह चुके हैं नितिन

दरअसल, प्रधान प्रत्याशी नितिन गोपेश्वर पीजी कॉलेज से MA अर्थशास्त्र के छात्र हैं। नितिन NSUI से जुड़े हैं और 2022-23 में गोपेश्वर पीजी कॉलेज में छात्रसंघ में महासचिव रह चुके हैं। अब पंचायत चुनाव में नितिन ने टॉस जीतकर ग्राम प्रधान का पद हासिल किया है। नितिन की अप्रत्याशित जीत से गांव और उनके समर्थकों में उत्साह है। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत बणद्वारा में प्रधान पद के लिए चार प्रत्याशी चुनाव के मैदान में उतरे थे। पूरे गांव में कुल 383 वोट पड़े, जिनमें से नितिन को 138 और एक अन्य प्रत्याशी रविन्द्र को भी 138 वोट मिले हैं। पहले चरण की मतगणना में सुबह नौ बजे ही मामला टाई हो गया, फिर साढ़े 10 बजे टॉस किया गया, जिसमें नितिन की जीत हो गई।

नारायणबगड़ में 1 वोट से जीती रजनी देवी

इसके अतिरिक्त नारायणबगड़ में ग्राम पंचायत कोट के प्रधान पद के लिए रजनी देवी और कुलदीप सिंह को 72-72 वोट मिले। इसके बाद दोबारा मतगणना की गई। जिसमें उम्मीदवार रजनी देवी को 73 और कुलदीप सिंह को 72 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार रजनी देवी एक वोट से चुनाव जीत गई। आपको बता दें कि राज्य निर्वाचन आयोग ने परिणामों को पारदर्शी और सुचारु रूप से घोषित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। चुनाव के परिणाम निर्वाचन आयोग की वेबसाइट secresult.uk.gov.in पर भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home