Uttarakhand Panchayat Chunav: 21 साल की प्रियंका नेगी बनी प्रधान, CM धामी के आदर्श गांव की संभालेंगी कमान
उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025 में मुख्यमंत्री आदर्श गांव सारकोट के निवासियों ने युवा प्रत्याशी पर भरोसा कर 21 वर्षीय प्रियंका नेगी को जिताया है....
Jul 31 2025 8:55PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड पंचायत चुनाव में इस बार कई युवा प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई है, जिनमें से कई युवाओं को जनता ने जिताया है। इसी कड़ी में जनपद चमोली में 21 वर्षीय प्रियंका नेगी अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श गांव की कमान संभालेगी। पंचायत चुनाव 2025 में प्रियंका नेगी ने अपनी विपक्षी प्रियंका देवी को 186 वोटों से हराकर जीत हासिल की है।
21 year old Priyanka Negi became gram prdhan
उत्तराखंड पंचायत चुनाव 2025 में मुख्यमंत्री आदर्श गांव सारकोट के निवासियों ने युवा प्रत्याशी पर भरोसा कर 21 वर्षीय प्रियंका नेगी को जिताया है। प्रियंका नेगी ने इस पंचायत चुनाव में 421 वोट प्राप्त कर सारकोट गांव की ग्राम प्रधान बनने का गौरव हासिल किया है। वहीं प्रियंका नेगी की विपक्षी प्रत्याशी प्रियंका देवी को 235 मत प्राप्त हुए हैं। आपको बता दें कि प्रियंका नेगी ने गैरसैंण महाविद्यालय से राजनीति शास्त्र विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है। इससे पहले 2014-19 तक प्रियंका के पिता भी ग्राम प्रधान रह चुके हैं।
पलायन न होने के कारण सीएम ने किया आदर्श गांव घोषित
दरअसल चमोली जनपद के सबसे बड़े गांवों में से एक कर्णप्रयाग गैरसैंण विकासखंड में स्थित मुख्यमंत्री आदर्श गांव सारकोट में वर्तमान में 300 से अधिक परिवार निवास करते हैं। सारकोट गांव में पलायन न होने के कारण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के दौरान सारकोट गांव को आदर्श गांव घोषित किया था। मुख्यमंत्री के आदेश पर सारकोट गांव में अनेक विकास कार्य किए जा रहे हैं। सारकोट गांव के हर घर में समान रंग, मशरूम उत्पादन, स्वास्थ्य शिविर, पशुपालन, और कृषि से संबंधित कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसके अलावा अधिकारियों द्वारा समय-समय पर गांव में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाता है।