Uttarakhand board result: देहरादून की साक्षी कोटवाल, कभी आपदा में उजड़ा था घर; अब बोर्ड परीक्षा में लहराया परचम
Uttarakhand board result: वास्तव में साक्षी की कहानी हर छात्र के लिए प्रेरणा है। राज्य समीक्षा की टीम की तरफ से साक्षी को शुभकामनाएं
Apr 25 2026 5:01PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
Uttarakhand Board Result 2026: कहते हैं कुछ हासिल करने के लिए जी-तोड़ मेहनत करनी पड़ती है। तभी आप किसी भी लक्ष्य को पार पा सकेंगे।
Sakshi Kotwal from Dehradun board exams topper
मुश्किलें कितनी भी आएं, लेकिन निगाहें लक्ष्य पर रखने वाले को ही जीत नसीब होती है। ऐसी ही कहानी है देहरादून के सरखेत की रहने वाली साक्षी कोटवाल की। साक्षी कोटवाल का घर देहरादून में आई आपदा में तबाह हो गया था। 19 अगस्त 2022 को आपदा ने साक्षी के परिवार से बहुत कुछ छीन लिया था। जमीन बह गई, घर का सामान बह गया, पढ़ाई छूटने की नौबत तक आ गई थी। इन हालातों के बाद भी साक्षी ने हार नहीं मानी। आपदा के बाद परिवार ने केसरवाला में किराए का मकान लिया। इन्हीं मुश्किल हालातों के बीच साक्षी कोटवाल ने सफलता का परचम लहराया है। बोर्ड परीक्षा में साक्षी ने 94.60 फीसदी अंक हासिल किए हैं। आगे पढ़िए..
साक्षी कोटवाल पीएमश्री जीआईसी मालदेवता की छात्रा हैं। साक्षी का सपना है कि वो भारतीय सेना में अफसर बने। साक्षी कहती हैं कि आपदा के बाद उनके जीवन में असल चुनौतियां शुरू हुईं। उनके पिता महावीर सिंह कोटवाल कोचिंग सेंटर चलाते हैं। वे 11वीं-12वीं के छात्रों को भौतिक विज्ञान और गणित पढ़ाते हैं। घर में पहले से ही पढ़ाई का माहौल रहा और साक्षी इसी माहौल में पली बढ़ी हैं। आपदा के बाद साक्षी की मां सुषमा ने हर मुश्किल घड़ी में परिवार को संभाला। साक्षी का छोटा भाई सक्षम दसवीं कक्षा में है। वो भी अपनी बहन को अपनी प्रेरणा मानता है। वास्तव में Uttarakhand Board Result 2026 में साक्षी की कहानी हर छात्र के लिए प्रेरणा है। राज्य समीक्षा की टीम की तरफ से साक्षी को शुभकामनाएं।