देहरादून: टोल कटते ही भड़के कर सवार युवक, बरसाए घूंसे.. मशीन से फोड़ा सिर; CCTV में कैद हुई दबंगई
देहरादून के शाहपुर-धर्मावाला टोल प्लाजा पर फास्टैग से टोल कटने पर कार सवार युवकों ने टोलकर्मी की बेरहमी से पिटाई कर दी। पूरी घटना CCTV में कैद हुई, पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
Jun 22 2026 8:42PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड के देहरादून स्थित शाहपुर-धर्मावाला टोल प्लाजा पर रविवार देर रात फास्टैग से टोल कटने पर हिमाचल नंबर की कार में सवार कुछ युवक भड़क गए। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने टोलकर्मियों से अभद्रता की और एक कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Fastag Toll Dispute Turns Violent, Toll Worker Assaulted at Dehradun Plaza
कोतवाली सहसपुर में दर्ज शिकायत के अनुसार टोल प्लाजा कर्मचारी निशांत कुमार, निवासी शाहपुर कल्याणपुर, रविवार रात करीब 2:21 बजे ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान हिमाचल प्रदेश नंबर की एक कार टोल लेन में पहुंची। ऑटोमेटिक फास्टैग रीडर द्वारा टोल शुल्क कटते ही कार में बैठे युवक नाराज हो गए और टोलकर्मियों से बहस करने लगे। आरोप है कि उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया।
"तुम्हें हमारी पहुंच का अंदाजा नहीं"
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार सवार युवक खुद को प्रभावशाली बताते हुए टोल कर्मचारियों को धमका रहे थे। उन्होंने अपनी गाड़ी टोल लेन में खड़ी कर दी, जिससे पीछे वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। टोलकर्मियों द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन युवक लगातार गाली-गलौज और हंगामा करते रहे।
मशीन से सिर पर किया हमला, लहूलुहान हुआ कर्मचारी
शिकायत के अनुसार विवाद बढ़ने पर दो युवक कार से नीचे उतरे और टोलकर्मी निशांत कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि एक युवक ने फास्टैग पोर्टेबल मशीन उठाकर कर्मचारी के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद भी आरोपियों ने लात-घूसों से उसकी पिटाई जारी रखी और कपड़े तक फाड़ दिए। घटना में घायल कर्मचारी के सिर में गहरी चोट आई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। आगे पढ़िए..
कार चढ़ाने और जान से मारने की धमकी
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उसे कार से कुचलने और जान से मारने की धमकी भी दी। इतना ही नहीं, एक युवक ने दावा किया कि उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घटना के दौरान कार में मौजूद एक युवती पर भी धमकी देने का आरोप लगाया गया है।
CCTV और वीडियो बने अहम सबूत
घटना की पूरी रिकॉर्डिंग टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इसके अलावा मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने भी मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड किया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। मारपीट के दौरान आरोपियों ने टोल प्लाजा की तकनीकी मशीनों को भी नुकसान पहुंचाया। शिकायत में यूएफडी और फास्टैग रीडर मशीन तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है। इससे टोल संचालन प्रभावित हुआ और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
कोतवाली सहसपुर प्रभारी प्रदीप सिंह रावत ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हिमाचल प्रदेश नंबर की कार के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।