उत्तराखंड: स्कूल जाने के बहाने निकली बेटी, युवक संग हुई फरार; घर से लाखों के जेवर और नकदी भी ले गई
हल्द्वानी के गौजाजाली क्षेत्र से 15 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने अज्ञात युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Jul 4 2026 3:29PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर के गौजाजाली क्षेत्र से एक 15 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, छात्रा एक जुलाई की सुबह स्कूल के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल पहुंची ही नहीं। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए एक अज्ञात युवक पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है।
Minor Girl Goes Missing After School Drop-Off
परिजनों के अनुसार, छात्रा के पिता उसे तिकोनिया स्थित एक निजी स्कूल के मुख्य गेट तक छोड़कर आए थे। दोपहर में छुट्टी के समय जब वह बेटी को लेने पहुंचे तो स्कूल प्रशासन ने बताया कि छात्रा उस दिन स्कूल आई ही नहीं थी। यह जानकारी मिलते ही परिवार के लोग परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू की। जब छात्रा का कोई पता नहीं लग पाया तो परिजनों ने पुलिस के पास जाकर शिकायत दर्ज कराई। आगे पढ़िए..
सीसीटीवी में युवक के साथ जाती दिखी छात्रा
शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिनमें छात्रा एक अज्ञात युवक के साथ नीले रंग की स्कूटी पर जाती दिखाई दे रही है। स्कूटी का नंबर MP-15 MR-0436 है। परिजनों ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि छात्रा घर से अपनी मां के सोने के चार कड़े, दो हार, एक चेन, दो जोड़ी झुमके, छह अंगूठियां, करीब 10 हजार रुपये नकद और कुछ कपड़े भी अपने साथ ले गई है। परिवार ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द से जल्द छात्रा की बरामदगी की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और छात्रा व संदिग्ध युवक की तलाश जारी है।