image: Garhwal Gets Double Boost with New Train Service and Road Connectivity

उत्तराखंड: सांसद अनिल बलूनी ने दी दो बड़ी सौगातें, गढ़वाल-कुमाऊं रेलवे कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार

गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने दो बड़ी सौगातों की घोषणा की है। 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा शुरू होगी, जबकि लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर आवश्यक श्रेणी के वाहनों के संचालन को भी मंजूरी मिल गई है।
Jul 15 2026 5:16PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

गढ़वाल क्षेत्र के लिए बुधवार का दिन दोहरी खुशखबरी लेकर आया। गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्रवासियों के लिए दो महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि 18 जुलाई से रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा शुरू होगी, वहीं लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर आवश्यक श्रेणी के वाहनों के संचालन का रास्ता भी साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि इन दोनों फैसलों से गढ़वाल और कुमाऊं के बीच संपर्क मजबूत होगा तथा पर्यटन, व्यापार और जनसुविधाओं को नई गति मिलेगी।

Garhwal Gets Double Boost with New Train Service and Road Connectivity

सांसद अनिल बलूनी ने बताया कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए 18 जुलाई से रामनगर और देहरादून के बीच सीधी रेल सेवा शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआती चरण में ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। यदि यात्रियों की संख्या और मांग बढ़ती है तो भविष्य में इसे सप्ताह में चार या पांच दिन तक चलाने पर विचार किया जाएगा।

पर्यटन और स्थानीय यात्रियों को मिलेगा लाभ

रामनगर, जिसे कॉर्बेट सिटी के नाम से भी जाना जाता है, उत्तराखंड का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। नई रेल सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों को देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही देशभर से आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क सहित उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों तक अधिक आसानी से पहुंच सकेंगे। आगे पढ़िए..

सांसद ने इस उपलब्धि का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग को देते हुए कहा कि उत्तराखंड की रेल कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हो रही है।

लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर दूर हुआ संशय

अनिल बलूनी ने दूसरी बड़ी उपलब्धि के रूप में बताया कि सुप्रीम कोर्ट की सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (CEC) ने लालढांग–चिल्लरखाल मार्ग पर "कमर्शियल वाहन" शब्द को लेकर बनी भ्रम की स्थिति को स्पष्ट कर दिया है। इसके बाद इस मार्ग पर कई आवश्यक श्रेणी के वाहनों के संचालन की अनुमति मिल गई है।

इन वाहनों को मिली संचालन की अनुमति

नई व्यवस्था के तहत सवारी वाहन, सरकारी बसें, जीएमओयू (GMOU) बसें, स्कूल बसें, किसानों के ट्रैक्टर और भवन निर्माण सामग्री ले जाने वाले वाहनवाहन इस मार्ग पर संचालित हो सकेंगे। इस फैसले से क्षेत्र के हजारों लोगों, छात्रों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

विकास को मिलेगी नई दिशा

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि हाल ही में धनगढ़ी पुल के लोकार्पण के बाद ये दोनों फैसले गढ़वाल क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनके अनुसार बेहतर रेल और सड़क संपर्क से पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, रोजगार और जनसुविधाओं का विस्तार होगा तथा लोगों की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक आसान और तेज होगी।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home