image: Two Farmers Killed in Lightning Strike in Haridwar

उत्तराखंड: आकाशीय बिजली का कहर, खेत में काम कर रहे दो ग्रामीणों की मौत.. गांव में पसरा मातम

हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र के डालूवाला गांव में खेत में काम कर रहे दो ग्रामीणों की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मानसून के बीच लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
Jul 18 2026 8:12PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में शनिवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। सिडकुल थाना क्षेत्र के डालूवाला गांव में खेत में काम कर रहे दो ग्रामीणों की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Two Farmers Killed in Lightning Strike in Haridwar

जानकारी के अनुसार, दोनों ग्रामीण शनिवार शाम रोज की तरह अपने खेतों में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और आसमान में काले बादल छा गए। देखते ही देखते तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दोनों ग्रामीण आ गए। बिजली गिरने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत प्रशासन को घटना की सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शवों को कब्जे में लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने की पुष्टि

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा कैन्तुरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डालूवाला गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हुई है। प्रशासन द्वारा शवों का पंचनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार मृतकों के परिजनों को मिलने वाली वित्तीय सहायता और अन्य आवश्यक सरकारी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

गांव में शोक का माहौल

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे डालूवाला गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों मृतक रोज की तरह खेतों में काम करने गए थे, लेकिन अचानक बदले मौसम ने उनकी जान ले ली। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home