image: Army Soldier Dies in Chamoli Road Accident

गढ़वाल: गहरी खाई में गिरकर गदेरे में समाई कार, छुट्टी पर गांव आए जवान की मौत

Chamoli Road Accident: नंदानगर के कुरूड़-लुंतरा मोटरमार्ग पर स्विफ्ट कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 12 गढ़वाल स्काउट के जवान संदीप गौड़ की मौत हो गई।
Aug 20 2026 6:34PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

जनपद चमोली के नंदानगर विकासखंड में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुरूड़-लुंतरा मोटरमार्ग पर चंचोली गधेरे के पास एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात जवान संदीप गौड़ की मौत हो गई। जवान छुट्टी पर अपने गांव कुरूड़ आए हुए थे।

Army Soldier Dies in Chamoli Road Accident

जानकारी के अनुसार, संदीप गौड़ बुधवार देर रात करीब दो बजे लुंतरा गांव की ओर से कार से अपने घर कुरूड़ लौट रहे थे। इसी दौरान चंचोली गधेरे के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा देर रात होने के कारण किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। संदीप जब निर्धारित समय तक घर नहीं पहुंचे तो परिजन चिंतित हो गए।

रातभर ग्रामीण करते रहे जवान की तलाश

जवान के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की। लेकिन घना अंधेरा, बारिश और खराब मौसम होने के कारण रातभर दुर्घटनाग्रस्त कार का पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह सड़क के नीचे कार की नंबर प्लेट दिखाई दी। इसके बाद ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। नीचे खाई में तलाश करने पर दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार दिखाई दी। आगे पढ़िए..

पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

घटना की सूचना मिलते ही नंदानगर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खाई में रेस्क्यू अभियान चलाकर जवान के शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर ले जाया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला अस्पताल गोपेश्वर भेज दिया गया।

12 गढ़वाल स्काउट में तैनात थे संदीप गौड़

संदीप गौड़ भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात थे। इन दिनों वह छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव कुरूड़ आए हुए थे। वर्ष 2024 में उनका विवाह हुआ था। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है। जवान की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पूरे कुरूड़ और नंदानगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

बारिश और फिसलन हादसे की संभावित वजह

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर देर रात का अंधेरा, लगातार बारिश और सड़क पर फिसलन हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। हालांकि, दुर्घटना का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home