image: Uttarakhand Teacher Transfer 2026 Transfer Process Begins

उत्तराखंड में शिक्षकों के तबादले शुरू, अनुरोध के आधार पर होंगे ट्रांसफर; 2 हजार से ज्यादा आवेदन

Uttarakhand Teacher Transfer: शिक्षा सचिव ज्योति यादव ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों के तबादलों पर हाईकोर्ट की रोक नहीं है। 2 हजार से अधिक शिक्षकों ने आवेदन किया है।
Aug 28 2026 4:12PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड के शिक्षा विभाग में तबादले का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है। शासन ने शिक्षकों के अनुरोध के आधार पर तबादले की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का आदेश जारी कर दिया है। शिक्षा सचिव ज्योति यादव की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षकों के तबादलों पर हाईकोर्ट की कोई रोक नहीं है। ऐसे में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तबादला आदेश और सूची जारी करने में कोई कानूनी बाधा नहीं है।

Uttarakhand Teacher Transfer 2026: Transfer Process Begins

शिक्षा सचिव ज्योति यादव ने कहा कि तबादलों को लेकर हाईकोर्ट की ओर से कोई रोक नहीं है। बृहस्पतिवार को स्थिति स्पष्ट होने के बाद विभागीय अधिकारियों को शिक्षकों के तबादले की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। शासन के आदेश में कहा गया है कि तबादला एक्ट 2017 की धारा 17(1)(ख) के खंड एक से पांच में वर्णित प्रावधानों के तहत प्राप्त तबादला आवेदनों पर नियमानुसार और निर्धारित समय पर कार्रवाई की जाए।

जिला स्तर पर भी शुरू हुई कार्रवाई

निदेशक प्रारंभिक शिक्षा कुंवर सिंह रावत के मुताबिक शासन का आदेश प्राप्त होते ही सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है। इसके बाद कुछ जिलों में जिला स्तर से शिक्षकों के तबादले भी किए जा चुके हैं। शिक्षक विभागीय वेबसाइट के माध्यम से अपने तबादला आदेश देख सकेंगे। विभाग की ओर से पात्र शिक्षकों के आवेदनों पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

इन शिक्षकों के अनुरोध पर होंगे तबादले

शिक्षा विभाग में अनुरोध के आधार पर विभिन्न विशेष परिस्थितियों वाले शिक्षकों के तबादले किए जाने हैं। इसमें गंभीर रूप से बीमार और दिव्यांग कार्मिकों को शामिल किया गया है। आगे पढ़िए..

इसके अलावा पति या पत्नी के बीमार या दिव्यांग होने के आधार पर किए गए अनुरोध पर भी तबादला किया जा सकता है। मानसिक रूप से विक्षिप्त या लाचार बच्चों के माता-पिता की ओर से किए गए अनुरोध को भी इस श्रेणी में रखा गया है। वहीं ऐसे सेवारत पति-पत्नी, जिनका इकलौता पुत्र या पुत्री दिव्यांग है, उनके अनुरोध पर भी तबादले का प्रावधान है। इसके अलावा प्रदेश सरकार की सेवा में कार्यरत पति या पत्नी की ओर से सामान्य श्रेणी के क्षेत्र में तैनाती के लिए किए गए अनुरोध, विधवा और विधुर कार्मिकों, सक्षम न्यायालय के आदेश से घोषित परित्यक्ता एवं तलाकशुदा कार्मिकों तथा वरिष्ठ कार्मिकों के अनुरोध पर भी तबादले किए जाने हैं।

2000 से अधिक शिक्षकों ने किया आवेदन

उत्तराखंड शिक्षा विभाग में तबादले के लिए 2,000 से अधिक शिक्षकों ने आवेदन किया है। इनमें दोनों मंडलों के सहायक अध्यापक एलटी, प्रवक्ता तथा प्राथमिक और जूनियर हाईस्कूलों में कार्यरत शिक्षक शामिल हैं। बड़ी संख्या में आवेदन आने के बाद अब शिक्षकों की नजर विभाग की ओर से जारी होने वाली तबादला सूची पर है।

शिक्षकों को तबादला सूची का इंतजार

शासन की ओर से हाईकोर्ट की रोक नहीं होने की स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद तबादला प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है। कुछ जिलों में तबादले किए भी जा चुके हैं, जबकि अन्य जिलों में पात्र शिक्षकों के आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अब 2,000 से अधिक आवेदन करने वाले शिक्षकों को अपने तबादला आदेश जारी होने का इंतजार है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home