Uttarakhand Weather: नैनीताल में 217 MM बारिश, आज देहरादून समेत 9 जिलों में येलो अलर्ट
Uttarakhand Weather: नैनीताल में 217 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल समेत 9 जिलों में भारी बारिश का Yellow Alert जारी किया है।
Sep 3 2026 8:41AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक मानसून सक्रिय बना हुआ है। बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहे और हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज बौछारें पड़ीं। देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में भी दिनभर बादल छाए रहे। कई स्थानों पर रुक-रुककर बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में तेज बौछारें देखने को मिलीं।
Uttarakhand Weather Update 3 September 2026
कुमाऊं मंडल में लगातार हो रही भारी बारिश लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक नैनीताल में 217 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हुआ। नदी-नाले उफान पर आ गए और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। लगातार बारिश के कारण उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। कई पहाड़ी मार्गों पर मलबा आने से आवाजाही प्रभावित हो रही है। कुमाऊं के कई क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते सड़कें बाधित हुईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निचले इलाकों में जलभराव के साथ कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात भी देखने को मिले।
देहरादून समेत 9 जिलों में Yellow Alert
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन 9 जिलों में भारी बारिश का Yellow Alert जारी किया गया है। जिनमें देहरादून, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले शामिल हैं। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
गरज-चमक और आकाशीय बिजली की भी चेतावनी
मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई है। इसके अलावा कुछ क्षेत्रों में बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर हो सकते हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
लगातार बारिश से तापमान में गिरावट
प्रदेश में लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दे रहा है। कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। हालांकि बारिश से गर्मी से राहत मिली है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या बढ़ गई है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। भारी बारिश के दौरान नदी-नालों के किनारे जाने से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।