उत्तराखंड: बेटी की सगाई की दावत के लिए कर दी गोकशी, 20 किलो मांस के साथ दो गिरफ्तार
Uttarakhand के किच्छा क्षेत्र में गोकशी की सूचना पर गोवंश स्क्वाड ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 20 किलो संदिग्ध मांस बरामद कर जांच के लिए लैब भेजा गया है।
Sep 3 2026 9:04AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
गोवंश स्क्वाड को मंगलवार शाम ग्राम सैंजना में कथित गोकशी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर गोवंश स्क्वाड प्रभारी एसआई पंकज बेलवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम में कांस्टेबल संजीव कुमार, राजेश गिरी और एहसान अली शामिल थे। पुलिस ने एक दुकान पर दबिश दी, जहां मौजूद एक व्यक्ति ने टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
Two Arrested in Cow Slaughter Case in Uttarakhand
पुलिस के अनुसार, दुकान की तलाशी के दौरान करीब 20 किलोग्राम संदिग्ध मांस बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान नवी अहमद, निवासी ग्राम दरऊ, किच्छा के रूप में बताई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी अली हसन, निवासी ग्राम सैंजना के साथ मिलकर कथित तौर पर दुकान में गोकशी की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने यह भी बताया कि उसका साथी कुछ मांस अपने घर ले गया था। इसके बाद गोवंश स्क्वाड ने उसकी निशानदेही पर अली हसन के घर दबिश दी। आगे पढ़िए..
पुलिस ने अली हसन के घर से भी संदिग्ध मांस बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। इस तरह कार्रवाई में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गोवंश स्क्वाड की सूचना पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मृगेश चौधरी भी मौके पर पहुंचे। बरामद मांस का नमूना लेकर उसे प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बरामद मांस और कथित गोकशी में इस्तेमाल किए गए औजारों को कब्जे में लेकर सील कर दिया है।
गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए एक आरोपी के खिलाफ किच्छा कोतवाली में पहले भी मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।