image: Kainchi Dham Traffic Plan Announced for September 19-20

उत्तराखंड: वीकेंड पर कैंची धाम जाने का प्लान? पहले जान लें ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था

कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 19-20 सितंबर को खास ट्रैफिक प्लान लागू, निजी वाहन निर्धारित पार्किंग में खड़े कर शटल से मंदिर भेजे जाएंगे। सुबह 6 से रात 8 बजे तक डायवर्जन रहेगा लागू, भारी वाहनों के रूट में भी बदलाव...
Sep 19 2026 11:35AM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

वीकेंड पर अगर आप कैंची धाम जाने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 19 और 20 सितंबर 2026 के लिए कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगी। यातायात दबाव के अनुसार इसमें बदलाव भी किया जा सकता है।

Kainchi Dham Traffic Plan Announced for September 19-20

पुलिस के प्लान के मुताबिक, हल्द्वानी से भीमताल होते हुए कैंची धाम जाने वाले बाहरी राज्यों और अन्य जिलों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा या सार्वजनिक परिवहन के जरिए भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा। वहीं, नैनीताल और गेठिया की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भवाली सैनेटोरियम पार्किंग निर्धारित की गई है। वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।

भारी वाहनों के रूट में भी बदलाव

वीकेंड पर कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने के लिए भारी वाहनों के रूट में भी बदलाव किया गया है। अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना क्षेत्र से डायवर्ट किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इन्हें रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी की ओर भेजा जा सकता है।
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा वाले भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से जाने की अनुमति रहेगी। अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार भवाली सैनेटोरियम तिराहे पर रोककर चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जा सकता है।

सड़क किनारे पार्किंग पर रोक

पुलिस ने साफ किया है कि सड़क किनारे या ऐसी जगहों पर वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी, जहां इससे यातायात प्रभावित हो। निर्धारित पार्किंग भरने की स्थिति में वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को यातायात दबाव के अनुसार रामगढ़ और खुटानी मार्ग से भेजा जा सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए भी जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जाएगा।

कैंची धाम में टैक्सी और व्यावसायिक वाहनों पर भी नजर

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहनों का अनावश्यक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल निर्धारित या अधिकृत वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। पुलिस ने एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस और अन्य आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही है।

श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील

नैनीताल पुलिस ने कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों से निर्धारित पार्किंग, डायवर्जन और शटल सेवा का पालन करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, यह व्यवस्था संभावित भीड़ के बीच कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात को सुचारु रखने के लिए की गई है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home