BRE Summit & Expo 2026: दिल्ली में 2 नवंबर से लगेगा बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी समिट, 75 देशों से जुटेंगे 75 हजार से ज्यादा लोग
भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 का आयोजन 2 से 5 नवंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा, जिसमें 75 से अधिक देशों के 75 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है।
Sep 21 2026 4:26PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
भारत में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ा बड़ा अंतरराष्ट्रीय आयोजन भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो (BRE Summit & Expo) 2026 इस साल नवंबर में आयोजित किया जाएगा। चार दिवसीय आयोजन 2 से 5 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में होगा।
BRE Summit & Expo 2026 to Begin in Delhi on November 2
इस बार आयोजन को खास बनाने के लिए पहली बार नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़े तीन बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों को एक ही मंच पर आयोजित किया जाएगा। इनमें BRE Summit & Expo 2026 के साथ इंटरनेशनल सोलर अलायंस (ISA) असेंबली के 9वें सत्र और ग्रीन हाइड्रोजन पर चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (ICGH) का आयोजन भी शामिल है।
प्रधानमंत्री कर सकते हैं BRE Summit का उद्घाटन
केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ने BRE Summit & Expo 2026 का उद्घाटन करने की सहमति दी है। केंद्रीय मंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री की मौजूदगी नवीकरणीय ऊर्जा को भारत के विकास के प्रमुख स्तंभों में से एक के रूप में रेखांकित करेगी। साथ ही यह वैश्विक स्तर पर सतत विकास में भारत की भूमिका को भी प्रदर्शित करेगा।
75 से ज्यादा देशों के 75 हजार प्रतिभागियों के आने की उम्मीद
आयोजकों के अनुसार, समिट में 75 से अधिक देशों के 75,000 से ज्यादा प्रतिभागियों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की पूरी वैल्यू चेन से जुड़े प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इनमें नवीकरणीय ऊर्जा डेवलपर्स, तकनीकी कंपनियां, उपकरण निर्माता, बैटरी स्टोरेज कंपनियां, ग्रीन हाइड्रोजन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, वित्तीय संस्थान, अंतरराष्ट्रीय संगठन और निवेशक शामिल होंगे।
पहली बार एक मंच पर तीन बड़े आयोजन
BRE Summit & Expo 2026 में इस बार तीन प्रमुख आयोजन एक साथ होंगे।
BRE Summit & Expo 2026
International Solar Alliance Assembly का 9वां सत्र
International Conference on Green Hydrogen का चौथा संस्करण
इन आयोजनों के एक साथ होने से नवीकरणीय ऊर्जा, सौर ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन से जुड़े वैश्विक मुद्दों पर चर्चा के लिए एक बड़ा मंच तैयार होगा।
34 देशों को BRE Summit के लिए आमंत्रण
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, BRE Summit & Expo के लिए 34 देशों को आमंत्रित किया गया है। वहीं, इंटरनेशनल सोलर अलायंस ने अपनी असेंबली में भाग लेने के लिए 128 देशों को आमंत्रित किया है। समिट को वैश्विक भागीदारी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें ऊर्जा क्षेत्र की नई तकनीकों, निवेश, विनिर्माण, स्टोरेज और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे विषयों पर उद्योग जगत और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
भारत के रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर पर रहेगा फोकस
BRE Summit & Expo 2026 के जरिए नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में भारत की क्षमताओं और संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सामने रखने का अवसर मिलेगा। आयोजन में सौर ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण, ग्रीन हाइड्रोजन और इससे जुड़े तकनीकी एवं औद्योगिक क्षेत्रों पर विशेष ध्यान रहने की उम्मीद है। चार दिनों तक चलने वाला यह आयोजन भारत में स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े वैश्विक निवेशकों, कंपनियों, नीति विशेषज्ञों और संस्थानों के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराएगा।