Uttarakhand News: पहले अपहरण की साजिश, फिर तमंचे के दम पर लूट! हरिद्वार में दो आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Sep 27 2026 6:09PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में पुलिस ने तमंचे के बल पर बाइक और मोबाइल लूटने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
Haridwar Robbery: Two Arrested in Bike Loot Case
सिडकुल कोतवाली प्रभारी अजय शाह के मुताबिक, 24 सितंबर को अन्नेकी हेतमपुर निवासी पंकज कुमार बाइक से शिवालिक नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रानीपुर रो नदी के पास चार युवकों ने उन्हें तमंचे के बल पर रोक लिया। आरोप है कि बदमाश पंकज कुमार से उनकी पल्सर बाइक, मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गए। घटना की शिकायत मिलने के बाद सिडकुल कोतवाली में चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
CCTV फुटेज से पुलिस आरोपियों तक पहुंची
एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की। कोतवाली प्रभारी अजय शाह के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस ने दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को नवोदय स्कूल के सामने पीठ मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार के अलावा एक आरसी, आधार कार्ड, पर्स और एक हजार रुपये बरामद हुए हैं।
देहरादून में अपहरण की कोशिश के बाद हरिद्वार पहुंचे थे आरोपी
पूछताछ में पुलिस को आरोपियों से देहरादून की एक अन्य वारदात के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी 23 सितंबर को रायपुर, देहरादून में एक महिला के अपहरण के प्रयास में शामिल थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उस मामले में गिरफ्तारी के डर से वे कार से हरिद्वार आए थे। अगले दिन पैसों की जरूरत पड़ने पर दीपक और उसके तीन साथी पेंटागन मॉल के पीछे नदी के पास शराब पीने के लिए रुके। आगे पढ़िए..
इसके बाद उन्होंने नदी किनारे कच्चे रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार को निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपियों के दो साथी बाइक और मोबाइल बेचने के लिए चले गए थे, लेकिन उनके वापस लौटने से पहले ही दीपक और आकाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
युवती की गिरफ्तारी के बाद सामने आया था अपहरण का मामला
देहरादून में महिला के अपहरण के प्रयास के मामले में पुलिस ने इससे पहले 19 वर्षीय एक युवती को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में युवती ने बताया था कि वह दीपक पुत्र दिलीप कुमार को करीब दो साल से जानती थी और दोनों अपना कारोबार शुरू करना चाहते थे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उनकी मुलाकात सुषमा वर्मा नाम की महिला से हुई। डेयरी खोलने को लेकर महिला और युवती के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद महिला को सबक सिखाने के लिए अपहरण की योजना बनाई गई और इसमें दीपक ने युवती का साथ दिया। हालांकि, देहरादून पुलिस की कार्रवाई में दीपक उस समय गिरफ्तार नहीं हो सका था। अब सिडकुल पुलिस ने उसे हरिद्वार में हुई लूट के मामले में गिरफ्तार किया है।
दो आरोपी अभी फरार
सिडकुल कोतवाली प्रभारी अजय शाह के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी देहरादून के अपहरण मामले में भी शामिल थे और देहरादून के बाद उन्होंने हरिद्वार में लूट की वारदात को अंजाम दिया। मामले में फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
दीपक पुत्र दिलीप कुमार, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम खागा, जिला फतेहपुर सीकरी, उत्तर प्रदेश; हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, रानीपुर, हरिद्वार।
आकाश उर्फ पहाड़ी पुत्र अनिल, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम नगर, पौड़ी; हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, थाना रानीपुर, हरिद्वार।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और जानकारी सामने आ सकती है।