उत्तराखंड: मानसून की विदाई के बाद भी बारिश, अगले 48 घंटे रहेंगे भारी.. इन तीन जिलों में अलर्ट जारी
उत्तराखंड से मानसून की विदाई के बावजूद बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है।
Oct 7 2026 8:30PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क
उत्तराखंड में मानसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन मौसम अभी पूरी तरह साफ नहीं हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में भी कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है।
Uttarakhand Weather Update: Heavy Rain Alert
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है। अगले 48 घंटे के दौरान देहरादून, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इन जिलों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। मौसम के इस बदलाव को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
14 अक्टूबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कुछ और दिनों तक बनी रह सकती हैं। 14 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके बाद बारिश में कमी आने और मौसम के धीरे-धीरे साफ होने का अनुमान है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के दौरान यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।
सामान्य से 9 फीसदी ज्यादा हुई मानसूनी बारिश
इस बार उत्तराखंड में मानसून के दौरान सामान्य से करीब 9 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, कुल मिलाकर मानसून सीजन सामान्य के करीब रहा, लेकिन बारिश सामान्य से कुछ अधिक रही। आगे पढ़िए..
हालांकि, पूरे प्रदेश में बारिश का वितरण एक जैसा नहीं रहा। कुछ जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई तो कुछ क्षेत्रों में बारिश की कमी भी देखने को मिली।
बागेश्वर और टिहरी में ज्यादा बारिश, पौड़ी में कमी
मानसून के दौरान बागेश्वर और टिहरी में अपेक्षाकृत ज्यादा बारिश दर्ज की गई। वहीं, पौड़ी जिले में सामान्य से काफी कम बारिश हुई। इससे साफ है कि मानसून के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का वितरण असमान रहा।
देहरादून में बारिश और तूफान से पेड़ गिरे
इधर, देहरादून में हुई तेज बारिश और आंधी ने परेशानी बढ़ा दी। करीब आधे घंटे की बारिश के साथ आए तूफान के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। कॉन्वेंट रोड पर एक विशाल पेड़ गिरने से राजस्थान नंबर की एक कार दब गई। हादसे के दौरान कार में चालक मौजूद था, लेकिन गनीमत रही कि उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
तिब्बती बाजार में दुकानों पर गिरा पेड़
कॉन्वेंट ऑफ जीसस स्कूल के सामने तिब्बती बाजार की दुकानों पर भी विशाल पेड़ गिर गया। बताया गया कि प्रभावित दुकानों में कई फास्ट फूड की दुकानें थीं। एक ही सड़क पर अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया।
करीब सात दुकानों को नुकसान
स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, पेड़ गिरने से करीब सात दुकानों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लगातार बदल रहे मौसम को देखते हुए खासकर पहाड़ी इलाकों में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों को भी संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।