image: Uttarakhand Assembly Session to Begin on October 27

Uttarakhand News: गैरसैंण विधानसभा सत्र सिर्फ 2 दिन का, 31 विधायकों के 426 सवाल.. 27 अक्टूबर से कार्यवाही

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में 27 और 28 अक्टूबर को दो दिवसीय सत्र आयोजित होगा। सत्र के लिए अब तक 31 विधायकों की ओर से 426 प्रश्न विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हुए हैं।
Oct 15 2026 3:25PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आगामी 27 अक्टूबर से विधानसभा सत्र शुरू होगा। दो दिन तक चलने वाले इस सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विधानसभा सचिवालय तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।

Uttarakhand Assembly Session to Begin on October 27

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बुधवार को यमुना कॉलोनी स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर सत्र की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सचिवालय सत्र के बेहतर संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है और भराड़ीसैंण में आवश्यक सुविधाएं व्यवस्थित की जा रही हैं।

31 विधायकों ने भेजे 426 सवाल

विधानसभा सचिवालय को अब तक पक्ष और विपक्ष के 31 विधायकों की ओर से कुल 426 प्रश्न प्राप्त हुए हैं। इन सवालों के माध्यम से विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय मुद्दों को सदन में उठा सकेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि निर्धारित समय का अधिकतम उपयोग हो और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष, दोनों के विधायकों को अपने क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा करने का अवसर मिले। साथ ही संबंधित मुद्दों पर सरकार की ओर से जवाब भी दिया जा सके।

सत्र की अवधि तय करना सरकार का काम: ऋतु खंडूड़ी

विधानसभा सत्र केवल दो दिन का होने के सवाल पर अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने स्पष्ट किया कि सत्र की अवधि और स्थान तय करना सरकार का अधिकार क्षेत्र है। विधानसभा अध्यक्ष का काम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सदन की कार्यवाही को बेहतर तरीके से संचालित करना है। उन्होंने कहा कि 27 और 28 अक्टूबर को सत्र के लिए समय निर्धारित किया गया है। ऐसे में उपलब्ध समय का प्रभावी उपयोग करना और विधायकों को जनहित से जुड़े मुद्दे उठाने का अवसर देना प्राथमिकता रहेगी।

करवा चौथ से पहले दो दिन का सत्र

सरकार ने भराड़ीसैंण में 27 अक्टूबर से विधानसभा सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया है। 29 अक्टूबर को करवा चौथ का पर्व होने के कारण सत्र के लिए 27 और 28 अक्टूबर की दो दिवसीय अवधि तय की गई है। अब सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि दो दिन के सत्र में प्रदेश से जुड़े कितने महत्वपूर्ण मुद्दे सदन में उठते हैं और सरकार किन सवालों पर जवाब देती है।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home