image: Baba Kedarnath Doli Arrives at Omkareshwar Temple

रुद्रप्रयाग: बाबा केदार की पंचमुखी डोली पहुंची ऊखीमठ, ओंकारेश्वर मंदिर में शुरू हुई 6 महीने की शीतकालीन पूजा

भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली तीन दिवसीय यात्रा पूरी कर शुक्रवार को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंच गई। इसके साथ ही बाबा केदार की छह महीने तक चलने वाली शीतकालीन पूजा-अर्चना शुरू हो गई है।
Nov 13 2026 3:24PM, Writer:राज्य समीक्षा डेस्क

ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शुक्रवार, 13 नवंबर को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंच गई। यहां बाबा केदार को विधि-विधान से विराजमान कराया गया। इसके साथ ही अगले छह महीने की शीतकालीन पूजा-अर्चना शुरू होगी।

Baba Kedarnath’s Doli Arrives at Omkareshwar Temple

भगवान केदारनाथ धाम के कपाट भैयादूज पर 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद हुए। इससे पहले सुबह 4 बजे से विशेष पूजा-अर्चना हुई। मुख्य पुजारी और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप देकर स्थानीय फूलों, ब्रह्मकमल और भस्म से ढका। इसके बाद सेना के बैंड और श्रद्धालुओं के जय श्री केदार के उद्घोष के बीच बाबा की पंचमुखी डोली ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। इस पल के साक्षी बनने के लिए पांच हजार से अधिक श्रद्धालु केदारपुरी पहुंचे थे।

रुद्रप्रयाग: बाबा केदार की पंचमुखी डोली पहुंची ऊखीमठ

Baba Kedarnath Doli Arrives at Omkareshwar Temple
1 /

केदारनाथ धाम से रवाना होने के बाद बाबा की पंचमुखी डोली 11 नवंबर को अपने पहले पड़ाव रामपुर पहुंची। यहां रात्रि विश्राम के बाद 12 नवंबर की सुबह विधिवत पूजा-अर्चना की गई और डोली ने अगले पड़ाव गुप्तकाशी के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान बाबा की डोली शेरसी, बड़ासू, फाटा, खाट-खड़िया, मैखंडा, ब्यूंग, खुमेरा, नारायणकोटी, ह्यूण और नाला समेत विभिन्न पड़ावों से होकर गुजरी। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए और पुष्पवर्षा के साथ डोली का स्वागत किया। 12 नवंबर की शाम बाबा की पंचमुखी डोली गुप्तकाशी स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर पहुंची। यहां मंदिर की परिक्रमा के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आरती और विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद बाबा ने विश्वनाथ मंदिर में रात्रि विश्राम किया।

तीसरे दिन ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान हुए बाबा केदार

Baba Kedarnath Doli Arrives at Omkareshwar Temple
2 /

13 नवंबर की सुबह पूजा-अर्चना के बाद बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली गुप्तकाशी से ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। तीन दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर पहुंची। यहां धार्मिक विधि-विधान, वैदिक मंत्रोच्चार और पौराणिक परंपराओं के अनुसार बाबा केदार को विराजमान कराया गया। डोली के मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ बाबा का स्वागत किया। इसके साथ ही शीतकालीन पूजा-अर्चना की शुरुआत हो गई।

अब छह महीने तक ओंकारेश्वर मंदिर में होंगे बाबा के दर्शन

Baba Kedarnath Doli Arrives at Omkareshwar Temple
3 /

केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद अब आगामी छह महीने तक भगवान केदारनाथ की नियमित पूजा-अर्चना ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होगी। शीतकाल के दौरान श्रद्धालु यहीं पहुंचकर बाबा के दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे। बाबा की पंचमुखी डोली का शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचना केदारघाटी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह परंपरा सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रही है।

विधायक आशा नौटियाल ने दी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं

Baba Kedarnath Doli Arrives at Omkareshwar Temple
4 /

बाबा केदारनाथ की पंचमुखी डोली के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ हमारी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। शीतकाल में बाबा केदारनाथ की पूजा-अर्चना यहीं संपन्न होती है। यह अवसर सभी के लिए आध्यात्मिक आस्था, श्रद्धा और गौरव का प्रतीक है। विधायक ने बाबा केदारनाथ से समस्त प्रदेशवासियों और देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि बाबा की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे।

कपाट बंद होने के बाद भी जारी रहती है बाबा की पूजा

Baba Kedarnath Doli Arrives at Omkareshwar Temple
5 /

केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने का मतलब यह नहीं है कि श्रद्धालुओं के लिए बाबा के दर्शन का सिलसिला समाप्त हो जाता है। हिमालय में बर्फबारी और कठिन मौसमी परिस्थितियों के कारण धाम के कपाट बंद किए जाते हैं, लेकिन बाबा केदारनाथ की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में जारी रहती है। बाबा की पंचमुखी डोली की तीन दिवसीय यात्रा एक बार फिर केदारघाटी की समृद्ध धार्मिक परंपराओं और भक्तों की अटूट आस्था का प्रतीक बनी। अब अगले छह महीने तक ऊखीमठ में बाबा केदार के जयकारे गूंजेंगे और श्रद्धालु शीतकालीन प्रवास के दौरान उनके दर्शन कर सकेंगे।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home