देवभूमि के सपूत को मिली बड़ी जिम्मेदारी, कोस्ट गार्ड कमांडर आनंद प्रकाश बडोला को बधाई
महानिरीक्षक आनंद प्रकाश बडोला को कोस्ट गार्ड कमांडर (रीजन पश्चिम)बनाया गया है...
Dec 10 2019 7:22PM, Writer:कोमल नेगी
कहने को उत्तराखंड छोटा राज्य है, पर जब बात देशसेवा की आती है तो यहां के लोग अग्रिम पंक्ति में खड़े दिखते हैं। तभी तो उत्तराखंड को देवभूमि ही नहीं वीरभूमि भी कहा जाता है। पहाड़ के लाल अहम पदों पर सेवाएं दे रहे हैं, इनमें अब महानिरीक्षक आनंद प्रकाश बडोला का नाम भी शामिल हो गया है। महानिरीक्षक आनंद प्रकाश बडोला को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें मुंबई में कोस्ट गार्ड कमांडर रीजन पश्चिम बनाया गया है। उत्तराखंड के लाल को कोस्ट गार्ड सेवा में अहम जिम्मेदारी मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। सोमवार 9 दिसंबर को महानिरीक्षक आनंद प्रकाश बडोला ने मुंबई मंल पदभार ग्रहण किया। तटरक्षक मुख्यालय वर्ली में महानिरीक्षक बडोला को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। आगे जानिए आनंद प्रकाश बडोला की जिंदगी का सफर
यह भी पढ़ें - देहरादून में 11 साल के बच्चे का अद्भुत आविष्कार, हवा से चलने वाली बाइक बना दी
महानिरीक्षक बडोला यूएस स्टाफ कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं। COMCG(W) के रूप में कार्यभार संभालने से पहले वो मुंबई में चीफ ऑफ स्टाफ वेस्टर्न सी-बोर्ड की जिम्मेदारी निभा रहे थे। 30 साल के शानदार करियर के दौरान उन्होंने कई उपलब्धियां हासिल की। वो आईसीजी जहाजों के सभी वर्गों की कमान संभाल चुके हैं। डीजीआईसीजी और सीआईएनसीएएन भी उनके काम को सराह चुके हैं। साल 2017 में उन्हें चीफ ऑफ स्टाफ, हेडक्वॉर्टर कोस्ट गार्ड कमांडर पूर्वी सीबोर्ड के रूप में नियुक्त किया गया था, अब उन्हें नई जिम्मेदारी दी गई है। महानिरीक्षक आनंद प्रकाश बडोला को अहम जिम्मेदारी मिलने पर पूरे उत्तराखंड में जश्न का माहौल है। वो देहरादून के रहने वाले हैं। महानिरीक्षक आनंद प्रकाश बडोला ने रसायन विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है। उनसे पहले उत्तराखंड के रहने वाले कृपा नौटियाल को भी कोस्ट गार्ड कमांडर पूर्वी समुद्र तट का कार्यभार सौंपा गया था। उन्हें महानिरीक्षक से महानिदेशक पद पर प्रमोट किया गया था।