उत्तराखंड में प्रकृति का अनमोल खजाना, यहां नाग की तरह दिखती है झील...देखिये तस्वीरें
हिमालय में प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कई ऐसे रमणीक स्थल हैं, जो पर्यटन मानचित्र पर जगह नहीं बना पाए हैं। इनमें से ही एक खूबसूरत स्थल है नागताल।
Dec 24 2019 12:52PM, Writer:मोहित डिमरी
हिमालय में प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर कई ऐसे रमणीक स्थल हैं, जो पर्यटन मानचित्र पर जगह नहीं बना पाए हैं। इनमें से ही एक खूबसूरत स्थल है नागताल। जहां पर प्रकृति ने सुंदरता की अनुपम छटा बिखेरी हुई है। यहां से हिमालय की रेंज और हरे-भरे बुग्याल के मैदान प्रकृति के अप्रतिम सौंदर्य पर चार-चांद लगाते हैं। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर फाटा से दो किमी सड़क मार्ग से जामू और यहां से दो किमी की ट्रैकिंग के बाद नागताल पहुंचा जा सकता है। करीब एक किमी चढ़ाई के बाद सीधा-सपाट रास्ता नागताल तक पहुंचता है। यहां पहुंचने पर नजर आता है प्रकृति का अनुपम सौंदर्य। प्रकृति की यह कलात्मक सृजन क्षमता मन को मोह लेती है। पैदल मार्ग में बांज, बुरांस सहित सैकड़ों प्रजाति के पेड़-पौधे और जड़ी-बूटियों से आच्छादित खूबसूरत जंगल को देखकर रोमांच हो उठता है। यहां पर अनेक दुर्लभ जीव-जंतुओं को मुक्त विचरण करते देख आनंद की अनुभूति होती है। प्रातः निकलते सूर्य के प्रकाश में चांदी के समान चमकते चैखम्बा, मेरू-सुमेरू शिखर का मनोरम दृश्य देखकर मन रोमांचित हो उठता है।
नाग की आकृति वाला ताल
1
/
नाग की आकृति वाला यह ताल करीब 100 मीटर लम्बा तथा 50 मीटर चौड़ा है। ताल की गहराई के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं है। कस्तूरी मृग, भालू के साथ ही कई प्रजातियों के पशु-पक्षी यहां बहुतायत में मिलते हैं। यह स्थल जानकारी के अभाव में पर्यटकों की नजर से दूर है। हालांकि अब पर्यटन विभाग इस जगह को पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर रहा है। सबसे पहले यहां पर पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाएं जुटाए जाने की योजना तैयार की जा रही है।
जैव-विविधता से भरपूर स्थान
2
/
नागताल का भ्रमण कर लौटे रिलायंस फाॅउंडेशन के टीम लीडर प्रकाश डसीला ने बताया कि यह स्थान जैव-विविधता से भरपूर है। प्रकृति का दोहन किए बिना यहां पर सुविधाएं जुटाई जानी चाहिए। पहली बार यहां पहुंचकर अलग ही अनुभूति हुई। यह वास्तव में किसी स्वर्ग के समान ही है। स्थानीय युवाओं को टूरिज्म से जोड़कर उन्हें रोजगार दिलाया जा सकता है। पर्यटन विभाग को इस दिशा में पहल करनी चाहिए।
बेहद खूबसूरत और रमणीक
3
/
जिला पर्यटन अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि वह स्वयं नागताल का भ्रमण कर चुके हैं। यह स्थान बेहद खूबसूरत और रमणीक है। यहां पर पर्यटकों को आवश्यक सुविधाएं देने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जामू गांव के युवाओं को गाइड की ट्रैनिंग दी जाएगी। साथ ही ग्रामीणों को होम स्टे योजना से जोड़ा जाएगा। ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सके।
केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर...नागताल
4
/
केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर फाटा से दो किमी सड़क मार्ग से जामू और यहां से दो किमी की ट्रैकिंग के बाद नागताल पहुंचा जा सकता है। करीब एक किमी चढ़ाई के बाद सीधा-सपाट रास्ता नागताल तक पहुंचता है। यहां पहुंचने पर नजर आता है प्रकृति का अनुपम सौंदर्य। प्रकृति की यह कलात्मक सृजन क्षमता मन को मोह लेती है।
- मोहित डिमरी