पहाड़ के कुजौली गांव की बेटी को बधाई, RBI में मैनेजर बनी..पिता का सिर गर्व से ऊंचा
पहाड़ के कुजौली गांव की बेटी प्रियंका को बधाई दीजिए...अब ये बेटी आरबीआई मुंबई में मैनेजर के पद पर काम करेंगी...
Dec 26 2019 5:12PM, Writer:कोमल
सीमांत जिला पिथौरागढ़...ये जिला दिखने में छोटा जरूर है, पर प्रतिभाएं देने के मामले में इस जिले का कोई सानी नहीं। खेल, अभिनय, फैशन और शिक्षा समेत ऐसा कोई फील्ड नहीं, जहां इस जिले की होनहार बेटियों ने अपनी प्रतिभा का परचम ना लहराया हो। इन्हीं होनहार बेटियों में से एक हैं प्रियंका उप्रेती, जो कि अब रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की प्रबंधक बन गई हैं। प्रियंका का चयन रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया में हुआ है, जहां वो बतौर प्रबंधक सेवाएं देंगी। प्रियंका कि इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी लहर है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है। प्रियंका का परिवार कुजौली में रहता है। उनके पिता भुवन चंद्र उप्रेती आईटीआई में इंस्ट्रक्टर हैं। माता मंजू देवी गृहणी हैं। होनहार प्रियंका से परिवार वालों को ढेरों उम्मीदें थीं, और प्रियंका इन उम्मीदों पर हमेशा खरी उतरीं।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: परिवहन विभाग के ऑफिस परिसर में दारू पार्टी, देखिए शर्मनाक वीडियो
बचपन से ही मेधावी रहीं प्रियंका की शुरुआती पढ़ाई नारायण स्वामी विद्या मंदिर स्कूल में हुई। बाद में वो बीएससी करने के लिए जीबी पंत यूनिवर्सिटी चली गईं। बीएससी कंपलीट होने के बाद प्रियंका एमएससी करने के लिए दिल्ली गईं। एमएससी के दौरान ही उनका चयन आरबीआई में हो गया। अब प्रियंका आरबीआई मुंबई में मैनेजर के पद पर काम करेंगी। प्रियंका ने अपनी सफलता का श्रेय परिजनों और टीचर्स को दिया। जिस राज्य में बेटियों को घर के लिए राशन-पानी जुटाने से लेकर स्कूल जाने तक के लिए कठिन संघर्ष करना पड़ता हो, वहां प्रियंका जैसी बेटियां उम्मीद की किरण जैसी हैं, जो दूसरों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं। राज्य समीक्षा टीम की तरफ से प्रियंका को बधाई।