image: Woman professor murdered in Dehradun

देहरादून में नृशंस हत्याकांड, 64 साल की महिला प्रोफेसर की बेरहमी से हत्या

डोईवाला में अज्ञात हमलावरों ने बुजुर्ग महिला प्रोफेसर की बेरहमी से हत्या कर दी। 64 साल की महिला प्रोफेसर घर में अकेली रहती थीं। आगे पढ़िए पूरी खबर
Sep 9 2020 3:56PM, Writer:Komal Negi

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून। ये जगह रिटायर्ड बुजुर्गों की पसंदीदा जगहों में से एक है। लोग रिटायरमेंट के बाद सुकून की जिंदगी बिताने के लिए देहरादून में आशियाना बनाते हैं। 64 साल की बुजुर्ग महिला प्रोफेसर पुत्तल घोष भी इसी इरादे के साथ यहां शिफ्ट हुई थी, लेकिन बीती रात दून में रह रही ये अकेली बुजुर्ग महिला प्रोफेसर अपराधियों के नापाक मंसूबों का शिकार हो गई। डोईवाला क्षेत्र में स्थित घर में अकेले रहने वाली बुजुर्ग महिला को अज्ञात हत्यारों ने मौत के घाट उतार दिया। महिला प्रोफेसर पुत्तल घोष अठूरवाला स्थित घर में अकेली रहती थीं। बुधवार सुबह प्रोफेसर पुत्तल घोष घर में मृत पाई गईं। बताया गया कि महिला के हाथ बंधे हुए थे और घर की एक खिड़की खुली हुई थी। माना जा रहा है कि हत्या करने के बाद हत्यारा इसी खिड़की से फरार हुआ है। आस-पास के लोगों ने बताया कि पुत्तल घोष घर में अकेली ही रहती थीं। वो साल 2014 में बंगाल से यहां रहने आईं थीं। बुजुर्ग प्रोफेसर की मौत अपने पीछे कई सवाल छोड़ गई है। आगे पढ़िए

यह भी पढ़ें - पहाड़ में एक जिलाधिकारी ऐसी भी, दंराती पकड़कर खेत में फसल काटने लगी डीएम वंदना
पहले माना जा रहा था कि शायद लूटपाट के इरादे से महिला प्रोफेसर की हत्या की गई है, लेकिन पुलिस के मुताबिक घर में हत्या के बाद सामान ले जाने या लूटपाट की पुष्टि नहीं हुई है। बुधवार तड़के हुई इस घटना से क्षेत्र के लोग डरे हुए हैं। हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर 64 साल की बुजुर्ग महिला कि किसी से क्या दुश्मनी हो सकती है। वहीं इंस्पेक्टर डोईवाला सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घर में रखा सामान सुरक्षित मिला है, ऐसे में हत्या की वजह आपसी रंजिश हो सकती है। बहरहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। लोगों से बुजुर्ग महिला और उनसे मिलने आने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने कहा कि हत्यारे जल्द ही पकड़े जाएंगे। हमारी आपसे अपील है कि अगर आपके बुजुर्ग माता-पिता घर में अकेले रहते हों तो उन्हें इमरजेंसी हेल्प नंबर्स और सुरक्षात्मक उपायों के बारे में जरूर बताएं। समय-समय पर उनका हालचाल पूछते रहें। साथ ही घर में काम करने वाले लोगों का पुलिस वैरिफिकेशन जरूर कराएं।


View More Latest Uttarakhand News
View More Trending News
  • More News...

News Home