चमोली आपदा: सोनू सूद का नेक काम..पिता को खोने वाली 4 बच्चियों को लिया गोद
कोरोना काल में लोगों के सच्चे मददगार साबित हुए अभिनेता सोनू सूद अब चमोली आपदा पीड़ितों की मदद करेंगे। वो आपदा में मारे गए इलेक्ट्रीशियन आलम सिंह की चारों बच्चियों की परवरिश की जिम्मेदारी उठाएंगे।
Feb 19 2021 3:16PM, Writer:anushka
उत्तराखंड एक बार फिर आपदा से कराह रहा है। चमोली के रैणी गांव में आई जलप्रलय ने चंद पलों के भीतर सैकड़ों लोगों की जिंदगी लील ली। यहां हर दिन सड़े-गले शव मिल रहे हैं, जिनकी पहचान तक नहीं हो पा रही। आपदा ने कई घरों के इकलौते चिराग बुझा दिए, परिवार का कमाऊ सदस्य छीन लिया। आपदा में मारे गए लोगों के परिजनों के सामने अब कई चुनौतियां हैं। दुख की इस घड़ी में सरकार-प्रशासन इनकी मदद के लिए हर जरूरी प्रयास कर रहे हैं, अब लॉकडाउन में सच्चे हीरो बनकर उभरे अभिनेता सोनू सूद भी आपदा प्रभावितों की मदद के लिए आगे आए हैं। उन्होंने आपदा में पिता को खोने वाली 4 बच्चियों को गोद लेने का ऐलान किया है। सोनू सूद तपोवन आपदा से पीड़ित परिवार का सहारा बने हैं। उन्होंने टिहरी जिले की दोगी पट्टी के एक पीड़ित परिवार की चार बेटियों को गोद लिया है। चमोली आपदा में मारे गए आलम सिंह की चारों बेटियों की परवरिश की जिम्मेदारी अभिनेता सोनू सूद ने अपने कंधों पर ली है।
यह भी पढ़ें - चमोली आपदा: पंजिया गांव के 6 युवक लापता..गांव वालों ने पुतला बनाकर किया अंतिम संस्कार
45 साल के आलम सिंह पुंडीर लोयल गांव के रहने वाले थे। वो विष्णुगाड़ जल विद्युत परियोजना से जुड़ी कंपनी ऋत्विक में इलेक्ट्रीशियन थे। 7 फरवरी को दूसरे लोगों की तरह आलम सिंह भी टनल में काम करने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। आपदा के 8 दिन बाद मलबे से उनका शव बरामद हुआ। आलम सिंह की चार बेटियां हैं बड़ी बेटी आंचल 14, अंतरा 11 और काजल 08 साल की है। सबसे छोटी बेटी अनन्या की उम्र दो साल है। पिता की मौत के बाद इन चारों बच्चियों के सामने परवरिश का संकट पैदा हो गया। आलम सिंह की पत्नी बेटियों के भविष्य की चिंता में घुली जा रही थीं, ऐसे वक्त में अभिनेता सोनू सूद देवदूत बनकर इस परिवार की मदद के लिए सामने आए। उन्होंने आलम सिंह की चारों बेटियों को गोद लेकर उनकी शिक्षा-दीक्षा और शादी तक का खर्च वहन करने का आश्वासन दिया है। मुंबई में सिने अभिनेता की टीम ने भी चारों बच्चों को गोद लेने की पुष्टि की है।