उत्तराखंड: 8 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट..50 Km की रफ्तार से बहेंगी हवाएं
मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के 8 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। जानिए वे कौन से 8 जिले हैं जहां पर मौसम विभाग ने बरसात को लेकर चेतावनी जारी की है।
Mar 23 2021 1:23PM, Writer:Komal Negi
उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर से करवट बदल रहा है। चार धामों में लगातार तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। बदरीनाथ, केदारनाथ यमुनोत्री, और गंगोत्री में हल्का हिमपात हुआ है। केदारनाथ धाम में बर्फबारी जारी है जबकि दून समेत अन्य जगहों पर बादल छाए हुए हैं और हवा भी चल रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने उत्तराखंड के 8 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। जी हां, मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार यानी कि आज प्रदेश के 8 जिलों में बारिश और 3000 मीटर की ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। चलिए आपको बताते हैं कि वे 8 जिले कौन से हैं जहां पर मौसम विभाग ने बरसात की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, देहरादून, अल्मोड़ा, नैनीताल और बागेश्वर में हल्की बारिश होने की संभावना है और इससे तापमान में औसतन 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी भी आएगी। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड में कोरोना ने पकड़ी रफ्तार..जारी हुई नई गाइडलाइन, नियमों का सख्ती से होगा पालन
चलिए अब आपको सभी जिलों के तापमान से अवगत कराते हैं। देहरादून में अधिकतम तापमान 30.5 और न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री दर्ज किया गया। उत्तरकाशी में अधिकतम तापमान 26.5 और न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री दर्ज किया गया। जोशीमठ में अधिकतम तापमान 19.6 और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री दर्ज किया गया। अल्मोड़ा जिले में अधिकतम तापमान 26.8 और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री दर्ज किया गया। यूएस नगर में अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया। नैनीताल जिले में अधिकतम तापमान 23.1 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया। पिथौरागढ़ में अधिकतम तापमान 25.2 और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। बात करें हरिद्वार की तो हरिद्वार जिले में अधिकतम तापमान 35.5 और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज उत्तराखंड के 8 जिलों में बरसात की संभावना जताई है। ऐसे में इन सभी जिलों के लोगों के सावधान रहने की जरूरत है। इसी के साथ प्रदेश के अन्य जिलों में भी मौसम में शुष्कता बरकरार रहेगी और राज्य के तापमान में औसतन 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की भी कमी आएगी।