बधाई: देहरादून के अभिमन्यु का टीम इंडिया में सलेक्शन..इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगे पहला मैच
बंगाल रणजी टीम के कप्तान के तौर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले अभिमन्यु ईश्वरन को टीम इंडिया में शामिल कर लिया गया है।
May 16 2021 11:14PM, Writer:Komal Negi
विराट कोहली की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम अगले महीने इंग्लैंड के दौरे पर रवाना होगी। उत्तराखंड के टैलेंटेड क्रिकेटर अभिमन्यु ईश्वरन भी इस टीम का हिस्सा होंगे। अपनी जबरदस्त बल्लेबाजी के बूते अपनी टीम को कई बार मुश्किल से उबारने वाले इस खिलाड़ी को विराट कोहली की अगुवाई में चुनी गई भारतीय टीम में बतौर स्टैंड बाय ओपनर शामिल किया गया है। अभिमन्यु भी इस मौके को भुनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इन दिनों वो देहरादून में हैं और खुद को इंग्लैंड दौरे के लिए तैयार कर रहे हैं। लॉकडाउन के चलते देहरादून में हर तरह की गतिविधि पर पाबंदी है, लेकिन अभिमन्यु इस समय का इस्तेमाल अपने खेल को निखारने के लिए कर रहे हैं। बंगाल रणजी टीम के कप्तान के तौर पर शानदार प्रदर्शन के चलते अभिमन्यु लंबे समय से चयनकर्ताओं की नजर में हैं, ये बात और है कि उन्हें अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका नहीं मिल पाया है। इससे पहले भी अभिमन्यु को एक बार स्टैंड बाय के रूप में टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें खेलने का अवसर नहीं मिल सका। आगे पढ़िए
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: मरीज को थी गुर्दे की प्रॉब्लम, अस्पताल ने कोरोना मरीज बनाकर ICU में डाल दिया
इस बार इंग्लैंड की उछाल भरी और मूवमेंट वाली पिचों पर अभिमन्यु को डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। इंग्लैंड दौरे से पहले खुद को तैयार करने के लिए अभिमन्यु ईश्वरन अपने घर देहरादून पहुंचे हैं। वो पुरकुल स्थित अपनी एकेडमी में कोच अपूर्व देसाई, मनोज रावत और सुशील जावले की देखरेख में तैयारी कर रहे हैं। टीम इंडिया में सेलेक्शन को लेकर अभिमन्यु बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में एंट्री से पहले मैं खुद को तैयार करना चाहता हूं। इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम के साथ उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय मैचों के दबाव को महसूस करने और मैच की रणनीति को समझने का मौका मिलेगा। आपको बता दें कि अभिमन्यु के पिता आरपी ईश्वरन जाने-माने सीए हैं। कई साल पहले उन्होंने देहरादून में अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी की स्थापना की, यहीं पर अभिमन्यु ने भी अपने खेल को तराशा। वो दिल्ली और बंगाल की टीम का हिस्सा रहे हैं। रणजी ट्रॉफी में उन्होंने बंगाल टीम के कप्तान के तौर पर बेहतरीन प्रदर्शन किया था।