उत्तराखंड भू-कानून: सोशल मीडिया पर छा गई पहाड़ की ‘लाटी’, मिला जबरदस्त समर्थन
पहाड़ की जमीनों पर भू-माफिया की गिद्धदृष्टि लगी हुई है, हमारे प्राकृतिक संसाधनों का दोहन हो रहा है। कंचन की ‘लाटी’ लोगों को इसी खतरे से आगाह कर रही है।
Jul 15 2021 2:32PM, Writer:Komal Negi
सयाने लोग कह गए हैं, पहाड़ का पानी और जवानी कभी पहाड़ के काम नहीं आते। हमारे यहां पानी से बिजली पैदा हो रही है, लेकिन कई गांव अब भी अंधेरे में डूबे हैं। पहाड़ के युवा शहर चले गए और गांव उजाड़ हो गए हैं। इन खाली गांवों में अब बाहरी लोग बसने लगे हैं। बाहर के कारोबारी औने-पौने दाम में यहां जमीनें खरीद रहे हैं। बड़े-बड़े होटल-रिजॉर्ट बना लिए हैं, कई जगह खेती वाली जमीनें खरीदकर छोड़ दी गई हैं, जो अब बंजर पड़ी हैं। प्रदेश में हिमाचल की तर्ज पर भू-कानून लागू करने की जरूरत महसूस की जा रही है। चुनावी साल में राज्य आंदोलनकारियों से लेकर तमाम युवा संगठन इसे लेकर सक्रिय हो गए हैं। सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरीके से भू-कानून लागू करने की मांग की जा रही है। उत्तराखंड की युवा आर्टिस्ट कंचन जदली ने भी भू-कानून के समर्थन के लिए अनोखा तरीका अपनाया है। वो भू-कानून से संबंधित कार्टून सोशल मीडिया पर शेयर कर रही हैं।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: CM धामी ने रेल मंत्री से की मुलाकात, प्रदेश को इन रेल परियोजनाओं की सौगात
कंचन के ‘लाटी’ नाम से सोशल मीडिया पर साझा किए कार्टून का लोग जमकर समर्थन कर रहे हैं। कंचन के बनाए कार्टून भू-कानून की लड़ाई में बड़ा हथियार बनकर उभरे हैं। कंचन जदली देहरादून के प्रेमनगर में रहती हैं। चंडीगढ़ से फाइन आर्ट की पढ़ाई कर चुकीं कंचन उत्तराखंड के खानपान, वेशभूषा, लोक पर्व समेत प्रदेश की संस्कृति से जुड़े कई कार्टून बना चुकी हैं। उन्होंने अमूल गर्ल की तर्ज पर पहाड़ का कार्टून कैरेक्टर लाटी बनाया है। कार्टून के माध्यम से कंचन ज्वलनशील समस्याओं को उठाती रही हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने लाटी के माध्यम से भू-कानून को लेकर लोगों को जागरूक किया। देखते ही देखते उनका बनाया कार्टून सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आपको बता दें कि उत्तराखंड में भू-माफिया पर अंकुश लगाने के लिए मजबूत भू-कानून लागू करने की मांग की जा रही है। युवा संगठन राज्य में भू कानून को सशक्त करते हूए धारा 371 लागू करने की मांग कर रहे हैं, ताकि देवभूमि को भू-माफिया की ऐशगाह बनने से बचाया जा सके।