गढ़वाल: पति से तंग आकर भागी पत्नी..ऋषिकेश गंगा घाट पर छोड़ा बैग, मुंबई में मिली लोकेशन
मंजू ने सुसाइड नोट में सबको छोड़कर जाने की बात लिखी थी। हर किसी को यही लगा कि मंजू सचमुच चली गई। अब उसके मुंबई में होने की खबर मिली है। आगे जानिए पूरा मामला
Aug 19 2021 3:25PM, Writer:Komal Negi
टिहरी जिले का खूबसूरत पहाड़ी कस्बा घनसाली। 24 साल की मंजू पंवार अपने पति दीपक और ससुरालियों के साथ यहीं रहती थी। 12 अगस्त की सुबह मंजू घर से अचानक लापता हो गई। पत्नी कहीं दिखाई नहीं दी तो परेशान पति दीपक ने थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच आगे बढ़ी तो मंजू के मोबाइल की लोकेशन ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट में मिली। पुलिस वहां पहुंची तो घाट पर मंजू का ट्रॉली बैग मिला। उसमें से एक डायरी और सुसाइड नोट मिला। परिजनों को लगा मंजू ने खुदकुशी कर ली है। पुलिस भी शव की तलाश में जुट गई। गंगा में कई दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अब पता चला है कि विवाहिता मंजू महाराष्ट्र के मुंबई में है। परिजन उसे लेने के लिए मुंबई गए हैं। मंजू का मायका ऋषिकेश में है। पुलिस के मुताबिक मंजू ने अपने सुसाइड नोट में लिखा था कि शादी के बाद बच्चा न होने पर सास, ससुर और पति उसे ताना देते थे। आगे पढ़िए
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: ट्रक-कार की टक्कर में कार के उड़े परखच्चे, CPU दरोगा की मौके पर दर्दनाक मौत
संतान न होने के लिए उसे दोष दिया जाता था। तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाता था। मंजू ने सुसाइड नोट में ये भी लिखा था कि मैं सब को छोड़ कर जा रही हूं। उसके लिखे यही शब्द पुलिस को खटक रहे थे। मंजू की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सबको यही लग रहा था कि मंजू सचमुच सबको छोड़कर चली गई है। अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस ने गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इस बीच मंजू के परिजन भी अपने स्तर पर उसकी खोजबीन कर रहे थे। घनसाली के थानाध्यक्ष मोहन शाह के मुताबिक महिला के घरवालों ने जब अपने स्तर पर जानकारी हासिल की तो उसके मुंबई में होने की जानकारी मिली। जिसके बाद परिजन उसे लेने के लिए मुंबई रवाना हो गए। मंजू की तलाश में पुलिस की काफी फजीहत तो हुई, लेकिन उसके कुशल और जिंदा होने की खबर से परिजनों के साथ पुलिस भी राहत महसूस कर रही है।